दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

एकनाथ शिंदे का दावा- द्रौपदी मुर्मू को महाराष्ट्र से मिलेंगे रिकॉर्ड वोट!

मुंबई: महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि राष्ट्रपति पद के चुनाव में ‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन’ (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को महाराष्ट्र से रिकॉर्ड वोट मिलेंगे।
गुरुवार को एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू प्रचार के लिए मुंबई आई थीं। इसके लिए भाजपा की ओर से अंधेरी के एक होटल में बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें भाजपा के सांसद और विधायक, शिंदे गुट के विधायक तथा सहयोगी दलों के नेताओं के अलावा मनसे के विधायक राजू पाटील भी शामिल हुए थे। बैठक शुरू होने से पहले पालघर के आदिवासी समुदाय के कलाकारों ने द्रौपदी मुर्मू का पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ स्वागत किया।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू को राज्य से रिकॉर्ड वोट मिलेंगे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में बदली हुई राजनीति के चलते द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के अलावा दूसरे दलों के वोट मिलेंगे। शिंदे का इशारा कांग्रेस और राकांपा की ओर था। इसके पहले बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी द्रौपदी मुर्मू के प्रचंड जीत को लेकर विश्वास व्यक्त किया।

इस दौरान केंद्रीय  सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय उद्योग मंत्री नारायण राणे, केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास आठवले, केंद्रीय आरोग्य राज्यमंत्री डॉ भारती पवार, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, पियूष गोयल, मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा,  विधायक प्रसाद लाड सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

इससे पहले मुंबई के छत्रपती शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पुष्पगुच्छ देकर द्रौपदी मुर्मू का हार्दिक अभिनन्दन किया।