ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

कमलनाथ का नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा, दिग्विजय सिंह के करीबी गोविंद सिंह को मिली जिम्मेदारी!

मप्र: मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी 71 वर्षीय लहार के विधायक डॉ गोविंद सिंह को सौंपी गई है। डॉ सिंह वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं। वह मध्य प्रदेश कांग्रेस के एकमात्र ऐसे विधायक हैं, जो लगातार सातवीं बार विधानसभा पहुंचे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के करीबी डॉक्टर गोविंद सिंह नेता प्रतिपक्ष का पद संभालेंगे। कमलनाथ अब केवल पीसीसी चीफ का पद संभालेंगे। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने कमलनाथ के इस्तीफे को तुरंत बिना देरी किए स्वीकार कर लिया है। इसकी पुष्टि कांग्रेस महासचिव के.सी वेणुगोपाल ने की है।
केसी वेणुगोपाल ने कमलनाथ को लिखी चिट्ठी में लिखा है कि आपके (कमलनाथ) नेता प्रतिपक्ष पद से दिए गए इस्तीफे को पार्टी अध्यक्ष ने तुरंत स्वीकार कर लिया है। उन्होंने आगे कहा कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर आपके योगदान की पार्टी सराहना करती है। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने डॉक्टर गोविंद सिंह को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर लिया है।

पूरी ईमानदारी से करूंगा जिम्मेदारी का निर्वाहन
मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसका निर्वाह वह पूरी ईमानदारी से करेंगे। कांग्रेस पहले भी मजबूत थी और आज भी मजबूत है, पार्टी के खिलाफ जो भी साजिश की गई है, उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। ये सरकार जो अत्याचार कर रही है उसके खिलाफ कांग्रेस लड़ाई लड़ेगी। सचिवालय पर कांग्रेस का झंडा फहराया जाएगा।