ठाणेपुणेमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरसामाजिक खबरें

‘गणपति बप्पा मोरया…मंगल मूर्ती मोरया के नारों’ से गुंजायमान हुई मुंबई, धूमधाम से हो रहा बप्पा का स्वागत

मुंबई, आज गणेश चतुर्थी का पर्व मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में बड़े ही धूम-धाम से मनाया जा रहा है। आज भगवान गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करके उनकी पूजा प्रारंभ की जाती है। पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव 12 सितंबर तक चलेगा। मुंबई, पुणे में सार्वजनिक गणेश मंडलों के गणपति का स्वागत धूमधाम से हो रहा है। नेताओं से लेकर सिने स्टार्स के घर भी गणपति बप्पा का आगमन हुआ है।
मुंबई के प्रसिद्ध और इच्छापूर्ती लालबाग के राजा की आरती आज सुबह उतारी गई। इस आरती में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

माटुंगा के जीएसबी सेवा गणेश मंडल में हर साल की तरह ५ दिन के लिए हुई भगवान गणपति की स्थापना।
प्रभादेवी के सिद्धिविनायक मंदिर में सुबह बप्पा की आरती और आराधना की गई। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बप्पा की आरती पूजा कर आशीर्वाद लिया।
हर साल की तरह इस साल भी शिल्पा शेट्टी, विवेक ओबेरॉय, सोनू सूद और स्वप्निल जोशी सहित कई फ़िल्मी कलाकारों ने अपने-अपने घर बप्पा को विराजमान किया।
पुणे के प्रमुख पांच गणपति की आरती की गई। श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपती मंदिर में भी भगवान गणेश को पूजा गया।
नागपुर के प्रसिद्ध टेकड़ी गणपति मंदिर में सुबह-सुबह बप्पा की आरती हुई।
पुणे के प्रसिद्द दगडूशेठ हलवाई के पंडाल में गणपति प्रतिस्थापित हुए। भक्तों ने ढोल-ताशे की धुन पर नाचते हुए बप्पा का स्वागत किया।

गणेश स्थापना के शुभ मुहूर्त


सुबह : 09:27 से 11:01 तक

दोपहर : 02:15 से 03:30 तक

शाम : 04:00 से रात 08:05 तक

पुणे में शुरू हुई थी गणेशोत्सव की परंपरा… बता दें कि महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की परंपरा काफी पुरानी है। पुणे के कस्बा गणपति की स्थापना छत्रपति शिवाजी महाराज की मां जीजाबाई द्वारा की गई थी। गणेशोत्सव पहले निजी एवं पारिवारिक उत्सव के रूप में ही मनाया जाता था। 1893 में लोकमान्य बालगंगाधर तिलक ने इसे सार्वजनिक रूप देकर राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बना दिया।तिलक ने इस उत्सव के जरिए लोगों को संगठित करने की शुरुआत की, ताकि उनके संगठन का उपयोग आजादी की लड़ाई में किया जा सके।