उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़हरियाणा

गणेश विसर्जन के दौरान 15 लोगों की डूबने से मौत! हरियाणा में सात डूबे, यूपी में अलग-अलग घटनाओं में आठ की जान गई

चंडीगढ़: हरियाणा के महेंद्रगढ़ और सोनीपत जिलों में शुक्रवार शाम गणपति विसर्जन के दौरान छह लोग डूब गए। अधिकारियों ने बताया कि महेंद्रगढ़ में विसर्जन के दौरान चार युवकों की नहर में, जबकि सोनीपत में दो युवकों की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई।
महेंद्रगढ़ की घटना के संबंध में सिविल सर्जन डॉक्टर अशोक कुमार ने पत्रकारों को बताया कि नहर में डूबने से चार लोगों की मौत हुई है। सात फीट ऊंची गणपति प्रतिमा के विसर्जन के दौरान नौ युवक नहर की तेजधार में बह गए।
जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की मदद से सभी को बाहर निकाला, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 5 अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज चल रहा है। लोगों के नहर में बहने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा मौके पर पहुंचे। फिलहाल, नहर के पानी को रुकवा दिया गया है।महेंद्रगढ़ में मृतकों की पहचान टिंकू, आकाश, नितिन और निकुंज के तौर पर हुई है। यह सभी 18 से 23 साल के बताए गए हैं। मनोज, दीपक, सुनील, संजय को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट किया- महेंद्रगढ़ और सोनीपत जिलों में गणपति विजर्सन के दौरान लोगों की असामयिक मौत की घटना दुखद है। इस मुश्किल घड़ी में हम सभी मृतकों के परिजनों के साथ खड़े हैं। एनडीआरएफ की टीम ने कई लोगों को डूबने से बचाया है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

यूपी के संत कबीर नगर में सबसे बड़ा हादसा
वहीँ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी आठ लोगों की मौत की खबर है। संत कबीर नगर की आमी नदी में चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। चारों भाई-बहन थे। सभी के शव निकाल लिए गए हैं। वहीं​​​​​, ललितपुर और उन्नाव में 2-2 लोगों की विसर्जन के दौरान डूबने से मौत हो गई है।