Uncategorisedदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

गुजरात को पीएम मोदी ने दी 1000 करोड़ की आर्थिक सहायता

गुजरात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गुजरात में चक्रवाती तूफान ताऊ-ते के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने गुजरात व दीव के प्रभावित इलाकों उना, जाफराबाद, महुआ का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अहमदाबाद में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें राहत व पूनर्वास कार्यक्रमों के संबंध में उठाए गए कदमों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने राज्य में तत्काल राहत गतिविधियों के लिए 1000 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया। इसके अलावा केंद्र सरकार राज्य के हालात की समीक्षा और नुकसान का आकलन करने के लिए एक टीम का गठन करेगी। इस आकलन के आधार पर राज्य को और भी सहायता मुहैया कराई जाएगी।

45 लोगों की जान गई, 20 हजार मकान गिरे
गुजरात में तूफान से 45 लोगों की जान चली गई। वहीं 2 लाख से ज्यादा पेड़ गिर गए हैं। अभी 112 रास्ते बंद हैं। अभी तक की जानकारी के मुताबिक 20 हजार से ज्यादा कच्चे मकान भी प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बताया कि पूरा प्रशासन पिछले तीन दिनों से तैयारी में व्यस्त था, इस वजय से बड़ी दुर्घटना या जनहानि नहीं हुई। चक्रवात की वजह से 5,958 गांवों में बिजली सप्लाई बाधित हुई थी। इनमें से 2,101 गांवों में सप्लाई फिर शुरू हो गई है, जबकि 3,850 गांवों में काम चल रहा है। सौराष्ट्र में बाजरा, मूंग, मूंगफली, चीकू, पपीता, शरीफा समेत कई फसलों को 50 से 100 फीसदी तक नुकसान हुआ है।