गुजरातब्रेकिंग न्यूज़

गुजरात में नमक फैक्ट्री की दीवार ढहने से 12 लोगों की मौत! मुआवजे का ऐलान, पीएम मोदी ने जताया शोक

गुजरात: गुजरात से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को यहां मोरबी जिले के हलवाड़ जीआईडीसी में एक नमक कारखाने की दीवार अचानक ढह गई। कारखाने में काम कर रहे कई मजदूर दीवार के नीचे दब गए। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। इनमें कईयों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दु:ख जताया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतक परिवारों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद का ऐलान किया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद फैक्ट्री प्रबंधन के साथ-साथ रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच चुकी है। दीवार के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि अभी भी तीन और लोग दीवार के मलबे के नीचे दबे है।

राज्य के श्रम एवं रोजगार मंत्री और स्थानीय विधायक बृजेश मेरजा ने कहा कि यह दु:खद घटना हलवाड़ औद्योगिक क्षेत्र के अंदर स्थित समुद्री नमक की फैक्ट्री में हुई। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कारखाने के 12 श्रमिकों की मौत हो गई है। मलबे के नीचे फंसे अन्य लोगों को बचाने के प्रयास अभी भी जारी हैं