ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीति

बावनकुले बने महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष, आशीष शेलार को मिली मुंबई की जिम्मेदारी

मुंबई: महाराष्ट्र बीजेपी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विधान परिषद सदस्य चंद्रशेखर बावनकुले को महाराष्ट्र भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। पार्टी ने ओबीसी नेता बावनकुले को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर चंद्रकांत पाटिल की जगह बैठाया है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष के चेहरे में बदलाव के साथ ही पार्टी ने मुंबई महानगर के संगठन में भी बदलाव किया है। राज्य के पूर्व मंत्री व विधायक आशीष शेलार को पार्टी आलाकमान ने मुंबई महानगर भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। शेलार ने मुंबई अध्यक्ष के रूप में मंगल प्रभात लोढ़ा का स्थान लिया है। लोढ़ा को हाल ही में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इन संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर पत्र जारी करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विधान परिषद सदस्य चंद्रशेखर बावनकुले को भाजपा महाराष्ट्र का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सिंह ने पत्र में आगे कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आशीष शेलार को मुंबई महानगर भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पत्र में इन नियुक्तियों के तत्काल प्रभाव से लागू होने की बात भी कही गई है।

‘भाजपा’ महाराष्ट्र में नंबर-1 की पार्टी बनेगी: बावनकुले
चंद्रशेखर बावनकुले की नियुक्ति को 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पिछड़ा वर्ग को लामबंद करने की भाजपा की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अमरावती में पत्रकारों से बातचीत करते बावनकुले ने कहा कि उनकी कोशिश 2024 के लोकसभा चुनाव में 45 सीटें और महाराष्ट्र विधानसभा की 288 में से 200 सीटें जीतने की होगी। उन्होंने कहा कि मेरी कोशिश भाजपा को महाराष्ट्र में नंबर एक की पार्टी बनाने की होगी। बावनकुले को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी का करीबी माना जाता है। वह 2014 से 2019 तक फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में ऊर्जा मंत्री थे। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में उनके पारंपरिक विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने टिकट काट दिया था। उन्होंने कमाठी विधानसभा सीट का तीन दफा प्रतिनिधित्व किया। हाल ही में उन्हें महाराष्ट्र विधान परिषद का सदस्य बनाया गया था। बावनकुले ने जमीनी स्तर की राजनीति की है। वह नागपुर जिला इकाई में महासचिव और जिला परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं।

शेलार को पार्टी मिली मुंबई की जिम्मेदारी
भाजपा के तेजतर्रार नेता आशीष शेलार को मुंबई महानगर के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपना देश की सबसे बड़ी महानगरपालिका/परिषद के होने वाले चुनाव के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह इससे पहले भी दो बार इस पद पर रह चुके हैं।
साल 2017 के मुंबई नगरपालिका के चुनाव में उनके नेतृत्व में भाजपा ने चुनाव लड़ा था लेकिन कांटे की लड़ाई में पार्टी जीत से कुछ ही कदम दूर रह गई थी। शेलार को कुशल संगठन कार्यकर्ता के तौर पर देखा जाता है और उनकी गिनती महाराष्ट्र भाजपा के आक्रामक नेताओं में होती है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपनी राजनीतिक शुरुआत की थी। वह भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी भी रह चुके हैं। वह दो बार खार पश्चिम से नगरसेवक भी चुने जा चुके हैं।