ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमुंबई शहर

जिया खान मर्डर केस में सूरज पंचोली बरी, CBI की विशेष अदालत ने कहा- पर्याप्त सबूत नहीं…

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सूरज पंचोली और जिया खान एक दूसरे को डेट कर रहे थे। इसके बाद जिया खान ने 3 जून 2013 को अपने जुहू अपार्टमेंट में सुसाइड कर लिया था और सुसाइड नोट में सूरज के साथ अपने रिश्ते को सुसाइड का जिम्मेदार बताया था। अब इस घटना के दस साल बाद आज इस पर फैसला आ गया है। सूरज पंचोली को CBI की स्पेशल कोर्ट ने शुक्रवार (28 अप्रैल) को बरी कर दिया।
कोर्ट का कहना है कि सूरज पर जिया को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप साबित नहीं हुए हैं। इसलिए सूरज पंचोली को बरी किया जाता है। अब इस फैसले से सूरज को बड़ी राहत मिल गई है। सूरज ने कोर्ट का भी शुक्रिया अदा किया। हालांकि, इस फैसले से जिया की मां राबिया कोर्ट से काफी नाराज हैं। उनका कहना है कि CBI ने अपना काम सही तरीके से नहीं किया है।

जिया की मां ने सूरज पर लगाए थे कई इल्ज़ाम!
जिया खान की मौत के बाद उनके घर से 6 पेज का सुसाइड नोट मिला था, जो जिया के बॉयफ्रेंड सूरज पंचोली के नाम था। इस नोट से जिया के सूरज के साथ बिगड़ते रिश्तों के कारण नर्वस ब्रेकडाउन सहित कई खुलासे हुए थे। उसके बाद जिया की मां ने सूरज के खिलाफ केस दर्ज किया और आरोप लगाते हुए कहा कि सूरज ने जिया को आत्महत्या के लिए मजबूर किया था।
जिया की मां राबिया ने एक इंटरव्यू में खुलासा करते हुए कहा था कि जिया कहती थीं कि सूरज उन्हें गाली देता है। उसने बताया था कि एक दिन सूरज ने उन्हें कार से बाहर भी फेंक दिया था। जिया की मां का कहना है कि इस वजह से जिया बहुत परेशान रहती थीं। बता दें कि 3 जून 2013 को जिया खान ने ख़ुदकुशी कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने जिया के ब्वॉयफ्रेंड सूरज पंचोली को गिरफ्तार कर लिया था। कहा जाता है कि दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे।

बेटे के रिहा होने पर जरीना वहाब बोलीं- ‘सत्यमेव जयते’
बेटे के रिहा होने पर मां जरीना ने कहा- आखिरी में…सत्यमेव जयते…ईश्वर महान है। मुझे हमेशा हमारी न्यायपालिका पर सबसे ज्यादा भरोसा था। अब इसे और मजबूत किया गया है। मेरे बेटे के लिए ये 10 साल की यातना, आघात और कलंक हैं। इस केस के चलते सूरज के हाथ से बहुत काम चला गया। वो आखिरकार एक सामान्य जीवन जी सकता है, लेकिन जो 10 साल उसने गंवाए हैं, उसे कौन लौटाएगा? बेटे सूरज पंचोली के केस में फैसला सुनने और उनको सपोर्ट करने के लिए अभिनेता की मां जरीना वहाब भी कोर्ट पहुंची थीं।

फैसले के बाद सूरज पंचोली का रिएक्शन
जिया खान की मौत मामले में बरी होने के बाद अभिनेता ने पहली बार सोशल मीडिया हैंडल पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी में लिखा- सच की हमेशा जीत होती है। इसके साथ उन्होंने हाथ जोड़ने वाला और दिल वाली इमोजी भी बनाई है।

सिद्धिविनायक मंदिर जाएंगे सूरज पंचोली
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जिया खान की मौत के मामले में बरी होने के बाद सूरज पंचोली मुंबई के प्रभादेवी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर दर्शन करने जाएंगे।

सलमान खान ने सूरज को किया था लॉन्च
बता दें सूरज पंचोली एक्टर आदित्य पंचोली और जरीना वहाब के बेटे हैं। सूरज के करियर को शुरू करने में अभिनेता सलमान खान का बहुत बड़ा हाथ रहा है। दरअसल, सलमान और सूरज के पिता आदित्य अच्छे दोस्त हैं। इस वजह से सलमान ने सूरज को अपनी फिल्म ‘हीरो’ से इंडस्ट्री में लॉन्च किया था।