दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

जेपी नड्डा का राहुल पर निशाना, बोले- टैक्टर पर सोफा लगा कर घूम रहे हैं!

मुंबई: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों का विरोध करने वाली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने कृषि मंडी से किसानों को आजाद करने की बात अपने घोषणा पत्र में लिखी थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को आजाद कर दिया, तो राहुल ट्रैक्टर पर सोफा लगाकर घूम रहे हैं। राहुल न किसान हैं और न ही उनमें किसानों की आत्मा बसती है। राहुल किसानों को पहचानते ही नहीं हैं।
गुरुवार को मुंबई भाजपा के दादर स्थित वसंत स्मृति कार्यालय में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने ही कहा था कि हमको अनुबंध खेती (कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग) को बढ़ावा देना चाहिए। यदि पवार अनुबंध खेती की बात करें तो बहुत अच्छा लेकिन प्रधानमंत्री अनुबंध खेती की बात करें तो उनको किसान विरोधी कहा जाता है। यह कैसा संविधान, विधान और सोच है? नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने तय कर दिया है कि हमेशा किसान के पक्ष में ही अनुबंध होगा। किसानों को ही इसका लाभ मिलने वाला है। यदि नुकसान होगा तो वह व्यापारी को होगा। नड्डा ने कहा कि नए कृषि कानून लागू होने के बाद भी किसानों को उपज का दाम देने के लिए एमएसपी (समर्थन मूल्य) बरकरार रहेगी। नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हल, ट्रैक्टर और किसानों का सम्मान करें। नड्डा ने कहा कि केंद्र की नई शिक्षा नीति भारत की शिक्षा नीति है इंडिया की शिक्षा नीति नहीं है। नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को नए कृषि कानून और नई शिक्षा नीति की गहराइयों को समझकर जमीन पर लोगों को जानकारी पहुंचानी चाहिए।
इस मौके पर विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील, विनोद तावड़े, आशीष शेलार, प्रवीण दरेकर समेत अन्य नेता मौजूद थे। नड्डा ने कहा कि किसानों को राहुल कितना जोड़ रहे हैं यह बात समझ में नहीं आती। राहुल कैसे किसान नेता बनते हैं कोई अपने हल और ट्रैक्टर को जलाता है? यह तो पूजा करने का औजार है। नड्डा ने कहा कि देश में किसानों के लिए 70 साल में किसी ने कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए कृषि कानूनों को लागू करके किसानों को आजाद कर दिया है।