दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

झारखंड के पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सुदेश महतो को धमकी देने वाला शख्‍स मुंबई से गिरफ्तार

मुंबई: झारखंड के पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सुदेश महतो को धमकी देने वाले व्‍यक्ति को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। व्‍यक्ति पर आरोप है कि उसने पिछले साल 14 अगस्‍त को झारखंड के पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सुदेश कुमार महतो को फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी देने वाले शख्‍स का नाम कमलेश पांडे है। इसे मंगलवार को गोवंडी के शिवाजी नगर के बैंगनवाड़ी इलाके से गिरफ्तार किया गया था।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुदेश महतो से इस शख्‍स ने फोन पर 15 लाख रुपये की मांग की थी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी ने सुदेश महतो से कहा था कि अगर पैसे नहीं दिए तो उनके घर में घुस कर गोली मार देंगे। धमकी मिलने के बाद महतो ने रांची के गोंडा पुलिस स्‍टेशन में शिकायत की और मामला दर्ज करवाया। इसके बाद झारखंड पुलिस ने उत्‍तर प्रदेश और मुंबई पुलिस से इस बारे में बात की और इस शख्‍स को गिरफ्तार करने की मांग की।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने मंगलवार को इस आरोपी की फोटो और मोबाइल लोकेशन के आधार पर शिवाजी नगर के बैंगनवाड़ी इलाके से इसे हिरासत में ले लिया। कमलेश पांडे पर उत्‍तर प्रदेश और झारखंड में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बीते कई वर्षों से पुलिस इस शख्‍स की तलाश कर रही थी।