उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान प्रधान की मौत, बाइक सवार बदमाशों ने मारी थी गोली

चंदौली: बाइक सवार बदमाशों की गोली से घायल बलुआ थाना क्षेत्र के महरौड़ा गांव के ग्राम प्रधान मनोज यादव (35) की शुक्रवार की भोर में इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में मौत हो गयी। उनकी मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया है। प्रधान की माता मनरा देवी, पत्नी ममता व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम प्रधान गुरुवार की शाम करीब आठ बजे गांव के चौराहे पर कोरोना वायरस के मद्देनज़र लागू लॉकडाउन का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक कर रहे थे। इसी बीच बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो बदमाशों ने गोली मार दी। दो गोली प्रधान के कमर में लगी थी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल मनोज यादव को बनारस स्थित ट्रामा सेन्टर ले जाकर भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार की भोर में उनकी मौत हो गयी। घटना के बाद एसपी हेमंत कुटियाल, एएस पी प्रेमचंद, एसडीएम प्रदीप कुमार, सीओ जगत कनौजिया ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की थी। हालांकि अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस स्थानीय स्तर पर रंजिश को लेकर घटना की छानबीन कर रही है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि परिजनों की मानें, तो प्रधान काफी मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी किसी से रंजिश नहीं थी।