ठाणेब्रेकिंग न्यूज़

ठाणे में थूकने को लेकर हुए विवाद में अधेड़ शख्स की हत्या! आरोपी गिरफ्तार

ठाणे: ठाणे जिले के डोंबिविली में मामूली कहासुनी को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर ने एक 52 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की कथित तौर लात मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को ये जानकारी दी।
विष्णुनगर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक आरएम खिलारे ने बताया कि ये घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुई। 52 वर्षीय अधेड़ और 19 साल के आरोपी के बीच थूकने को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद ये वारदात घटी। पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित विजय पटवा को धक्का दिया और लात मारी। आरएम खिलारे ने बताया कि पीड़ित बेहोश हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं अधेड़ शख्स की हत्या के बाद उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

9 दिसंबर को एक युवक की बेरहमी से हत्या!
बता दें कि बीते शुक्रवार यानी 9 दिसंबर 2022 को भी ठाणे शहर में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। यहां 5 लोगों ने चाकू और सरिया से हमला कर एक युवक को बेरहमी से मार डाला था। मामलें में हत्या का एक आरोपी भी घायल हुआ था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अभी भी चार आरोपियों की तलाश कर रही है।