ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

फडणवीस बोले- कुछ लोगों की निजी संपत्ति बनकर रह गई है बीएमसी; अब इसे जनता को सौंप दी जाएगी

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कुछ लोगों की निजी संपत्ति बनकर रह गई है। लेकिन अब हम इसे लोगों को सौंपने जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री फडणवीस मुंबई सुंदरीकरण परियोजना की शुरुआत करते हुए एक समारोह में बोल रहे थे। इस परियोजना के तहत अगले दो वर्षों में मुंबई में 400 किमी लंबी सड़कों का कंक्रीटीकरण किया जाना है। ऐसी 500 परियोजनाएं एक साथ शुरू की गई हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बीएमसी लोगों के लिए है, लेकिन कुछ लोगों ने पिछले कुछ सालों से इसे निजी संपत्ति और पैसा बनाने की मशीन बना दिया है। शिंदे सरकार न तो बीएमसी को अपनी संपत्ति समझती है, न ही वह इससे कोई संपत्ति बनाने की इच्छा रखती है। बीएमसी पहले सार्वजनिक संपत्ति थी। फिर कुछ ऐसे लोगों के हाथ में गई, जो इसे अपनी निजी संपत्ति समझने लगे। अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मैंने निश्चय किया है कि जनता की यह संपत्ति जनता को ही सौंप दी जाए।
माना जा रहा है कि बीजेपी नेता फडणवीस ऐसा कहकर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर सीधा निशाना साध रहे थे। पिछले 25 साल से बीएमसी पर उन्हीं की पार्टी की सत्ता है। फडणवीस ने आरोप लगाया कि पहले मुंबई के विकासकार्यों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के ठेकेदारों को बाहर करके स्थानीय ठेकेदारों से काम करवाया जाता था। जिससे भ्रष्टाचार को छिपाया जा सके। लेकिन अब मुंबई की सड़कों के कंक्रीटीकरण के लिए शुरू हो चुके 6000 करोड़ रुपयों के काम के ठेके राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के ठेकेदारों को ही दिए गए हैं। इनके कामों पर उपग्रह के जरिये निगरानी की जाएगी ताकि काम भ्रष्टाचार रहित हो, और समय पर पूरा भी किया जा सके।