नेटवर्क महानगर/ठाणे
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ‘ठाणे हाफ मैराथन’ का 12वां संस्करण रविवार, (8 फरवरी 2026) को हीरानंदानी एस्टेट, ठाणे के टीएमसी ग्राउंड में आयोजित किया गया। जिसमें लगभग 12 हजार धावकों ने भाग लिया। इस रेस की तीन श्रेणी 21 किमी, 10 किमी और 4 किमी (फन रन) में लोगों ने दौड़ लगाई। 4 किलोमीटर रन में छोटे बच्चो ने भी हिस्सा लिया। स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए ठाणे हाफ मैराथन एक फ्लैगशिप स्पोर्टिंग प्लेटफॉर्म के तौर पर उभरा है।
इस रेस के ब्रांड एंबेसडर मिलिंद सोमन ने भी 10 किमी तक दौड़ लगाई। इस मौके पर फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन ने कहा कि मैं लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना चाहता हूं, इसलिए जो भी मेरे साथ सेल्फी लेना चाहता है उनको कहता हूं पहले आप पुश-अप्स करों फिर सेल्फी लो। आज की तनावपूर्ण ज़िंदगी में बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूकता जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना बेहद जरुरी है।
इस रेस में दौड़ने वाले यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया के प्रबंध निदेशक आशीष पांडेय ने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया हमेशा से ही बैंकिंग क्षेत्र हो या सोसायटी का डेवलपमेंट, हमेशा लोगो की मदद में अग्रसर रहा है। उन्होंने कहा कि जब लोग स्वस्थ होंगे तब देश स्वस्थ रहेगा और तभी देश विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में और तरक्की करेगा।
वहीं, यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नितेश रंजन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मेरा तो मानना है कि ‘फिट है तो हिट है’ आप जितना सेहत के प्रति जागरूक रहेंगे उतना आपके लिए अच्छा है। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजय रुद्रा ने कहा कि हार जीत से ज्यादा जरूरी है कि लोग इस तरह की स्पर्धा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें जो की मुंबईवासियों के लिए बेहद जरूरी है।

इस रेस में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद अभिनेत्री मंदिरा बेदी ने लोगों में जोश भरते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सबसे अच्छी बात ये है कि इस रेस में छोटे बच्चों ने भी दौड़ लगाई, जिसे देखकर लगता है कि लोग फिटनेस को लेकर काफी सचेत हैं। इस रेस में पुरुष 21 किमी रेस में दाजी हुबले प्रथम, विशाल कंबीरे दूसरे और सूरज ज़ोरे तीसरे नंबर पर रहे। जबकि, महिला 21 किमी रेस में अमृता पटेल प्रथम, प्राजकता गोडबोले दूसरे और मनीषा जोशी तीसरे नंबर पर रही।
