दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

दिल्ली: शीला दीक्षित को कांग्रेस मुख्यालय में दी जा रही श्रद्धांजलि, 2.30 बजे होगा अंतिम संस्कार

शीला दीक्षित के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निजामुद्दीन स्थित आवास पहुंचकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि अर्पित की। शीला दीक्षित के सम्मान में दिल्ली सरकार ने दिल्ली में 2 दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है।

नयी दिल्ली, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित का शनिवार को निधन हो गया। 81 वर्षीय शीला दीक्षित लंबे समय से बीमार चल रही थीं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दिग्गज नेताओं ने शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी। उनका अंतिम संस्कार रविवार दोपहर 2.30 बजे निगम बोध घाट पर होगा। इससे पहले उनकी पार्थिव देह कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखी गई है। शनिवार दोपहर राजधानी के फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल में कॉर्डियक अरेस्ट से दीक्षित का निधन हो गया था। वे 15 साल दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने 10 जनवरी को उन्हें दिल्ली की कमान सौंपी थी।
शनिवार देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूर्वी निजामुद्दीन स्थित दीक्षित के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज समेत कई नेता उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उधर, केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में दो दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, शीला जी के निधन से दु:खी हूं। वह मुझे बहुत प्यार करती थीं। दिल्ली और देश के लिए उन्होंने जो किया उसे हमेशा याद रखा जाएगा। वह पार्टी की बड़ी नेता थीं। राहुल ने उन्हें कांग्रेस की बेटी बताया। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही शीला जी से मिला था। वह मेरी मां जैसी थीं।

शीला दीक्षित जी एक बड़ी हस्ती थीं, एक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में उनका योगदान दिल्ली और देश के लिए व्यापक था। उनके निधन से पूरा देश दुखी हैः ओम बिरला, लोकसभा स्पीकर
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल और डेप्युटी CM मनीष सिसोदिया ने शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि अर्पित की…

हालिया लोकसभा चुनाव में मनोज तिवारी से हार मिली थी…
शीला दीक्षित का जन्म 31 मार्च 1938 को पंजाब के कपूरथला में हुआ था। 2014 में उन्हें केरल का राज्यपाल बनाया गया था। हालांकि, उन्होंने 25 अगस्त 2014 को इस्तीफा दे दिया था। वे इस साल उत्‍तर-पूर्व दिल्‍ली से लोकसभा चुनाव लड़ी थीं। हालांकि, उन्हें भाजपा के मनोज तिवारी के सामने हार का मुंह देखना पड़ा।

1998 में मिली थी दिल्ली की कमान…
शीला पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय थीं, लेकिन लगातार 4 लोकसभा चुनाव हारने के बाद 1998 में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें दिल्ली की जिम्मेदारी दी। शीला ने चुनाव में पार्टी की कमान संभाली और चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बनीं। उन्होंने 2013 तक तीन कार्यकाल बतौर मुख्यमंत्री पूरे किए थे।

राजीव सरकार में 3 साल केंद्रीय मंत्री भी रहीं…
1984 में जब इंदिरा गांधी की हत्या हुई, तब राजीव कोलकाता में थे। शीला के ससुर उमाशंकर दीक्षित बंगाल के राज्यपाल थे। शीला ने अपनी किताब में बताया है, राजीव जिस विमान से दिल्ली जा रहे थे, उसी में मैं और प्रणब मुखर्जी सवार थे। वो कॉकपिट में गए और बाहर आकर बोले कि इंदिराजी नहीं रहीं। राजीव ने पूछा कि ऐसी परिस्थितियों में क्या प्रावधान है? प्रणब ने कहा- पहले भी ऐसे हालात हुए हैं। तब वरिष्ठतम मंत्री को अंतरिम प्रधानमंत्री बना कर बाद में प्रधानमंत्री का विधिवत चुनाव कराया गया है। शीला ने राजीव सरकार में तीन साल केंद्रीय मंत्री पद भी संभाला था।

मैं शीला दीक्षित को राजनीति में प्रवेश करने से पहले भी जानता था, उनका निधन देश के लिए एक बड़ी क्षति है, देश ने योग्य प्रशासक और एक अच्छा नेता खो दिया हैः
प्रणव मुखर्जी, पूर्व राष्ट्रपति
शीला को श्रद्धांजलि देने बॉलिवुड अभिनेत्री शर्मिला टैगोर भी पहुंचीं….

1984 में कन्नौज से सांसद बनी थीं…
शीला ने पहला चुनाव 1984 में कन्नौज लोकसभा सीट से लड़ा। यहां उन्होंने छोटे सिंह यादव को बुरी तरह हराया। अगले ही लोकसभा चुनाव में बोफोर्स तोप घोटाले के हल्ले में कांग्रेस की हालत पतली थी। 1989 में पासा पलटा और जनता दल के छोटे सिंह यादव ने शीला को 53 हजार वोटों से हाराया। हार के बाद शीला दिल्ली आ गईं। फरवरी, 1998 के लोकसभा चुनाव शीला ईस्ट दिल्ली से चुनाव लड़ीं। वह भाजपा के लाल बिहारी तिवारी से हार गईं।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, शीला दीक्षित जी के निधन की खबर सुनकर आहत हूं। उनके निधन से देश एक कर्तव्यनिष्ठ कांग्रेस नेता खो दिया है। दिल्ली के विकास में उनके योगदान को दिल्लीवासी हमेशा याद रखेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि अर्पित की।