Uncategorisedउत्तर प्रदेशचुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

देवेंद्र फडणवीस बोले- 2024 में महाराष्ट्र में भी पूर्ण बहुमत से जीतेगी बीजेपी

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विश्वास व्यक्त किया कि उनकी पार्टी 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र में पूर्ण बहुमत से फिर से सत्ता में आएगी, क्योंकि राज्य में सत्ता परिवर्तन तय है। चार राज्यों (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा) के विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा ने सत्ता बरकरार रखी। फडणवीस ने कहा कि मोदी जादू ने बहुप्रचारित सत्ता विरोधी लहर को सत्ता समर्थक में बदल दिया।
बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस गोवा के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी थे। महाराष्ट्र लौटने पर यहां राज्य के विधानभवन परिसर में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अब सत्ता परिवर्तन देखना तय है। भाजपा 2024 में पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के एकमात्र नेता हैं। उत्तर प्रदेश की आबादी 25 करोड़ है और पिछले 37 वर्षों में पहली बार किसी पार्टी ने सत्ता बरकरार रखी है। यहां मोदी के जादू ने सत्ता विरोधी लहर को सत्ता समर्थक में बदल दिया।

अगला लक्ष्य बीएमसी: फडणवीस
भाजपा के अगले लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) अब हमारे लिए लक्ष्य है। हम नगर निकाय को भ्रष्टाचार के चंगुल से बचाना चाहते हैं। मुंबई नगर निकाय वर्तमान में शिवसेना द्वारा शासित है।
गौरतलब है कि पहले शिवसेना भाजपा की सबसे पुरानी सहयोगी थी, लेकिन 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद महाविकास अघाड़ी (MVA) सरकार बनाने के लिए शिवसेना ने एनसीपी और कांग्रेस के साथ गठबंधन बनाया था।
महाराष्ट्र में 2024 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इधर, शिवसेना के कई नेता भाजपा पर सरकार गिराने का दबाव बनाने का आरोप पिछले कुछ समय से लगा रहे हैं। शिवसेना के कुछ नेताओं का आरोप है कि ईडी और सीबीआई केंद्र सरकार के दबाव से उनकी पार्टी के नेताओं को परेशान कर रही हैं।