ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

देश की पहली महिला DGP कंचन चौधरी भट्टाचार्य का निधन, लंबे समय से थीं बीमार

मुंबई, देश की पहली महिला डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य का सोमवार देर रात मुंबई में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं। यहां के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने उनके निधन की पुष्टि की।
1973 बैच की महिला आईपीएस अफसर कंचन ने साल 2004 में उत्तराखंड की पुलिस महानिदेशक बन कर इतिहास रचा था। वे देश की पहली महिला थीं जो इस पद तक पहुंचीं। 31 अक्टूबर 2007 को वे पुलिस महानिदेशक के पद से ही रिटायर हुई थीं। तभी से मुंबई में रह रही थीं। उन्होंने 2014 में राजनीति में भी कदम रखा। रिटायर होने के बाद 2014 में आम आदमी पार्टी के टिकट से उन्होंने उत्तराखंड की हरिद्वार लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा। लेकिन वे हार गईं। देश की दूसरी महिला आईपीएस रहीं कंचन चौधरी (72) मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली थीं।

2004 में इंटरपोल सभा में भारत का प्रतिनिधित्व किया
एक जमाने में दूरदर्शन का सर्वाधिक चर्चित कार्यक्रम ‘उड़ान’ कंचन चौधरी भट्टाचार्य की ही जिंदगी पर आधारित था। इसका निर्माण उनकी बहन कविता चौधरी ने किया था। भट्टाचार्य को 2004 में मेक्सिको में आयोजित इंटरपोल सभा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भी भेजा गया था। जबकि 1997 में उन्हें प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से भी नवाजा गया।

उल्लेखनीय है कि कंचन चौधरी भट्टाचार्य कुछ महीने पहले देहरादून प्रवास के दौरान साइकिल से गिरकर जख्मी हो गई थीं। उसके बाद उन्हें लंबे समय तक बिस्तर पर ही रहना पड़ा था। कुछ महीने पहले वे मुंबई में पति के पास चली गईं थीं। अंतिम समय में वे मुंबई में ही थीं। उनकी दो बेटियां हैं।