दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

मोदी तेरे शासन में, आग लगी है ‘राशन’ में…

मुंबई: देश की जनता को ‘अच्छे दिन’ का झूठा सपना दिखाकर केंद्र की सत्ता में आई मोदी सरकार ने पिछले 7 साल में आम जनता का जीवन बेहाल कर दिया है। आसमान पर चढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की दिन दूनी रात चौगुनी बढ़ती कीमतें और बेरोजगारी के आलम ने जनता की कमर तोड़ दी है। यह आरोप कांग्रेस ने लगाया है।
इसी कड़ी में देश में बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी को लेकर मुंबई कांग्रेस ने तीव्र आंदोलन शुरु किया है। जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच पर्चे बांटकर केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन जताया है।
मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप के निर्देश पर रविवार को सायन-कोलीवाड़ा में मुंबई महानगरपालिका (BMC) में विरोधी पक्ष नेता रवि राजा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर पर्चे बांटे। जनता से सीधा संवाद साधते हुए स्थानिक नगरसेवक रवि राजा ने देश में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आप गूगल में ‘फेंकू’ लिखकर देखिये किसकी फोटो आती है? इतना झूठा प्राइम मिनिस्टर किसी देश का नहीं, इतना झूठ बोलते हैं पीएम।

रवि राजा के नेतृत्व में शुक्ला होटल से निकाले गए इस ‘जन-जागरण अभियान’ यात्रा में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।

इस मौके पर मुंबई कांग्रेस के सचिव हेमंत दलवी, दक्षिण मध्य मुंबई कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हुकुमराज मेहता, साबिर अली खान, आर के. यादव, के. सुब्रमनी नायकर, पुष्पेंद्र सिंह, आशीष रत्ती, राजेंद्र देवेंद्र, इंद्रराज शर्मा, विद्या रतन मेहता, राकेश वाघमारे, संजय जैसवार सहित सैकड़ों पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।