दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

धमाकों से दहला भागलपुर का नवगछिया, एक के बाद एक 21 सिलेंडर में विस्फोट, पूरे इलाके मची में अफरातफरी

पटना: भागलपुर का नवगछिया बाजार शुक्रवार को गैस सिलेंडरों के धमाके से दहल उठा। एक के बाद एक 21 सिलेंडरों में हुए विस्फोट से काफी दूर तक के इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटों में काफी सामान जलकर राख हो गया और पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग घर छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस प्रशासन की टीम और फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। आग को काबू में करने का प्रयास शुरू है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वैसे धमाके के पीछे अवैध सिलेंडर रिफिलिंग को कारण बताया जा रहा है।
विस्फोट इतना भयानक थी कि बगल के घरों में भी आग लग गई। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मौके से पुलिस ने 63 सिलेंडर को जब्त कर लिया है। मकान मालिक परिवार सहित घर छोड़कर फरार हो गया है। एसडीओ यतेंद्र कुमार पाल ने बताया कि मकान मालिक पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसके पास बिना किसी लाइसेंस के इतने सिलेंडर कैसे थे?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब 1:15 बजे नोनियापट्टी के रामचन्द्र साह के घर में रखे सिलेंडर में विस्फोट से आसपास के कई घरों में आग लग गई। इसमें घर में रखे सामान जलकर राख हो गये। आग बुझाने के दौरान रामचन्द्र साह का चेहरा भी बुरी तरफ झुलस गया। दो और व्यक्ति के झुलसने की सूचना है। घटना के बाद रामचंद्र परिवार और बच्चों के साथ घर के जरूरी कागजात लेकर भाग गया है। आग में उसके घर का सबकुछ जलकर राख हो गया। लोगों ने बताया कि घटना के दौरान कई सिलेंडर बगल में बह रही नदी में भी फेंक दिया गया। जैसे-जैसे विस्फोट की आवाज बढ़ी लोगों में दहशत भी बढ़ती चली गई। फिलहाल दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। चार दमकल से आग पर काबू करने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीओ और एसडीपीओ घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। पुलिस ने मौके से 63 गैस सिलेंडर जब्त भी किया है। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस वालों की तैनाती कर दी गई है। आसपास के लोगों के मकानों को नुकसान की बात भी कही जा रही है।

कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय में रखे 63 सिलेंडर जब्त
एसडीओ व एसडीपीओ ने कम्युनिस्ट कार्यालय में रखे 63 गैस सिलेंडर को जब्त कर लिया है। जब्त सिलेंडर में कुछ खाली थे जबकि बाकी भरे हुए थे। एसडीओ ने कम्युनिस्ट पार्टी कार्यालय के सीताराम महतो से सिलेंडर के विषय में जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि कि अशोक महतो अपनी गाड़ी पर सिलेंडर लेकर आया और कहा कि आग लग गई है। यहां रखते हैं नहीं तो सब फट जाएगा। पूरा शहर बर्बाद हो जाएगा। वही रखकर गया है।
एसडीओ ने कहा कि अभी तत्काल आग बुझाने पर ध्यान दिया जा रहा है। सिलेंडर कहां से आया, इसकी जांच करायी जायेगी। इसके अलावा इतने सिलेंडर घर में रखकर घर मालिक क्या कर रहा था, इसकी भी जांच होगी। घर में रीफिंलिंग की बात सामने आ रही है। गैस सिलेंडर भारत गैस का है। भारत गैस एजेंसी से भी पूछताछ की जाएगी। दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

पहले भारत गैस एजेंसी में मुंशी था रामचन्द्र
बताया जा रहा है कि रामचन्द्र साह पहले भारत गैस एजेंसी में मुंशी था। बाद में वह गैस एजेंसी की मिलीभगत से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का धंधा करने लगा। लोगों का कहना है कि वह अपने घर पर 200 से 300 सिलेंडर रखता था और यहीं से कालाबाजारी करता था। वह कई बार पकड़ा गया लेकिन हर बार बच गया। पुलिस गैस एजेंसी से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
एसडीपीओ दिलीप कुमार के मुताबिक, इलाके में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर रखा जाना गैरकानूनी है। यह कहां से लाकर बेच रहा था। इस मामले की जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। बगल के नदी में फेंके गए सिलेंडर को भी देखा गया है। आग लगने के साथ ही लोग अपने-अपने घरों से सिलेंडर निकालकर पानी में फेंक रहे थे और देर शाम तक आग बुझाने का काम चल रहा था।