ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

ट्वेंटी-ट्वेंटी जश्न के लिए मुंबई पुलिस तैयार, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नज़र

मुंबई: साल 2020 के आगमन का जश्न हर कोई मनाए इसलिए मुंबई पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता प्रणय अशोक ने सोमवार को बताया कि मुंबई पुलिस के सभी 40 हजार पुलिस कर्मियों को 31 दिसंबर की रात ड्यूटी पर लगाया गया है। इनमें अधिकारी और सिपाही- दोनों शामिल हैं। पुलिस की मदद के लिए राज्य रिजर्व पुलिस बल, दंगा नियंत्रण पुलिस, क्यूआरटी, एसओएस, अपराध शाखा, कोस्ट गार्ड व होमगार्ड शामिल हैं।
समुद्री किनारों पर पुलिस बोटिंग से निगरानी करेगी। कुछ जगहों पर ड्रोन से शहर को मॉनिटर किया जाएगा। वर्तमान में मुंबई में 5200 सीसीटीवी हैं।
इन सभी के जरिए पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे शहर पर नजर रखी जाएगी। भीड़ भरे इलाकों में बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता भी गश्त पर रहेगा। भीड़ के बीच सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मी घूमेंगे, ताकि गलत लोगों को घेरा जा सके। गेट वे ऑफ इंडिया में महिलाओं और पुरुषों का अलग प्रवेश द्वार होगा। लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी गड़बड़ी की आशंका में पुलिस के 100 नंबर या 7738133133/ 7738144144 पर कॉल करें और पुलिस को टि्वटर से भी शिकायत कर सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने भी 31 दिसंबर की रात शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला किया है। शहर में 31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी की सुबह तक जगह-जगह नाकाबंदी होगी। शाम सात बजे से अगले दिन सुबह छह बजे तक कई मार्गों को वन वे किया गया है। कुछ मार्ग कई घंटों के लिए पूरी तरह बंद रहेंगे।