दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरशहर और राज्य

नए साल पर माता वैष्णो देवी भवन हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत! दस लोग घायल

जम्मू: नए वर्ष के मौके पर जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी भवन में हुए दर्दनाक हादसे में 12 श्रद्धालुओं के मौत की पुष्टि कर ली गई है। जबकि, 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर है, जबकि 4 को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, वैष्णो देवी मंदिर में माता के दर्शन करने के लिए बड़ी तादाद में भक्तगण पहुंचे थे। इसी दौरान रात्रि के वक्त वैष्णो देवी भवन क्षेत्र में करीब 2.45 बजे हालात बिगड़ गए। यहां गेट नंबर-3 के पास भगदड़ मच गई। पुलिस के मुताबिक, भवन क्षेत्र में दर्शन के लिए पहुंचे कुछ लोगों में आपस में बहस हो गई थी, जिसके बाद वहां धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते हालात बिगड़े और भगदड़ मच गई।

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 लोगों की मौत हो गई है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, किसी बात पर कुछ लोगों में कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हुई और भगदड़ मची, जिसके चलते ऐसे हालात बने।
वहीँ चश्मदीदों का कहना है कि तय संख्या से ज्यादा लोगों को अंदर प्रवेश के लिए जरूरी पर्ची दी गई जिसके चलते वहां भीड़ बढ़ गई। कई चश्मदीदों ने ये भी दावा किया है कि रास्ते में कहीं भी पर्ची की चेकिंग नहीं हो रही थी। चश्मदीदों ने इंतजाम पर सवाल उठाते हुए बताया कि सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया, जिसके बाद भगदड़ मची और हादसा इतना बड़ा हो गया।
हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए हाई लेवल जांच के आदेश दिए गए हैं। तीन सदस्यों की कमेटी मामले की जांच करेगी। गृह मंत्रालय के प्रिंसिपल सेक्रेटरी, जम्मू के ADGP और डिवीजनल कमिश्नर इस कमेटी में शामिल होंगे।
सरकारी सूत्रों का ये भी कहना है कि एंट्री को लेकर दो समूहों में झड़प हुई जो बाद में काफी बढ़ गई। बताया जा रहा है कि लोगों का एक ग्रुप गलत दिशा से जा रहा था और फिर मंदिर में जाने की कोशिश करने लगे, इसी के चलते इतना बड़ा हादसा हुआ।

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा समेत कई नेताओं ने दु:ख व्यक्त किया है। उपराज्यपाल सिन्हा ने हादसे में मारे जाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये और घायलों को दो लाख रुपये देने का ऐलान किया है।

घटना के बाद एलजी जम्मू-कश्मीर का कार्यालय और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से हेल्पलाइन नंबर 01991-234804, 01991-234053 जारी किए गए हैं। इसके अलावा अन्य हेल्पलाइन नंबर: पीसीआर कटरा: 01991232010/ 9419145182, पीसीआर रियासी 0199145076/ 9622856295, डीसी कार्यालय रियासी नियंत्रण कक्ष: 01991245763/ 9419839557 से भी जानकारी ली जा सकती है।

घायलों के नाम सामने आए…
1. ऋषिकेश (23) निवासी मुंबई
2. विकास तिवारी (35) निवासी मुंबई
3. सुमित(29) निवासी पठानकोट, पंजाब
4. आयुष (25) निवासी छन्नी हिम्मत, जम्मू
5. कपिल (25) निवासी दिल्ली
6. नितिन गर्ग (30) निवासी गंगानगर, राजस्थान
7. किरन (18) निवासी हरियाणा
8. आशीष कुमार जायसवाल (25) निवासी प्रयागराज, यूपी
9. भवर लाल पाटिदा (47) मंदसौर, मध्य प्रदेश
10. साहिल कुमार (22) निवासी आरएस पुरा, जम्मू

भगदड़ में मारे गए 12 श्रद्धालुओं की पहचान हुई…
१.धीरज कुमार (26) पुत्र त्रिलोक कुमार निवासी नौशहरा राजौरी
२.श्वेता सिंह (24) पत्नी विक्रांत सिंह निवासी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश
३.विनय कुमार (24) पुत्र महेश चंद्र निवासी बदरपुर दिल्ली
४.सोनू पांडे (24) पुत्र नरेंद्र पांडे निवासी बदरपुर दिल्ली
५.ममता (38) पत्नी सुरेंद्र निवासी बीरी जार्जर, हरियाणा
६.वनीत कुमार (38) पुत्र वीरामपाल सिंह निवासी साहरनपुर उत्तर प्रदेश
७.धर्मवीर सिंह (35) निवासी सालापुर, सहारनपुर उत्तर प्रदेश
८.डॉ अरुण प्रताप सिंह (30) पुत्र सत प्रकाश सिंह निवासी गोरखपुर उत्तर प्रदेश
९.नरेंद्र कश्यप पुत्र सुभाव निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश
१०.महेंद्र गोड़ पुत्र शिव कुमार निवासी कानपुर उत्तर प्रदेश
११.मोनू शर्मा पुत्र फेरुमल निवासी उत्तर प्रदेश
१२.आकाश उम्र 29 वर्ष पुत्र कैलाश निवासी बुराड़ी दिल्ली