उत्तर प्रदेशपालघरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

नकली सोना देकर 12 लाख की ठगी, मुंबई क्राइम ब्रांच ने यूपी से चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

पालघर: शहर में ठगी, चोरी और डकैती के कई तरह के मामले सामने आते रहते हैं। इनमें से कुछ मामले फिल्मी स्टाइल में होते हैं, जो लोगों को काफी हैरान कर देते हैं। मुंबई पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो बड़ी ही चालाकी से लोगों को बेवकूफ बनाकर नकली सोना देकर ठगी करता था। गिरोह को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक गांव से गिरफ्तार किया है। इस गिरोह पर लोगों को नकली ‘सोने के सिक्के’ बेचकर ठगी करने का आरोप है।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र के पालघर जिले में लोगों को ‘सोने के सिक्के’ देकर कथित रूप से धोखाधड़ी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लोगों को सोने के नाम पर पीले रंग का कोई नकली धातु पकड़ा देते थे और लाखों रुपये लेकर चंपत हो जाते थे।

12 लाख में दिया पांच किलो नकली सोना
आरोपियों की पहचान संजू वालिया राय, शिवराम हीरालाल माली और मीना रामलाल सोलंकी के रूप में हुई है और आरोपियों में एक किशोर भी शामिल है। वहीं मामले पर जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-3 (विरार) के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद बदख ने कहा कि, आरोपियों ने एक पीड़ित से 12 लाख रुपये लिए थे और उसे 5 किलोग्राम नकली सोना दिया था, जो पीले रंग की धातु से ढका हुआ था। उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकांशतः लोगों के साथ ठगी करते रहते थे। यह घटना उस वक्त सामने आई जब ठगी का शिकार हुए एक शख्स ने 25 जुलाई को वालिव पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने चार लोगों की जांच की और गुरुवार को इन सभी आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि, आरोपियों के पास से 5 किलोग्राम पीले पत्ते, मोती बरामद किए गए हैं।