ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

नवी मुंबई में बीच सड़क पर पीट-पीटकर की व्यक्ति की हत्या; पुराने विवाद का लिया बदला!

नवी मुंबई: नवी मुंबई इलाके से दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति की खुलेआम बीच सड़क पर बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। सरेआम बीच चौक पर क्रूरतापूर्ण की गई इस हत्या से इलाके में भय का माहौल व्याप्त हो गया है, लोग दहशत में आ गए हैं।
घटना शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे नवी मुंबई के कोपरखैरने घणसोली में हुई। दो समूहों के बीच पुरानी रंजिश के चलते हुई झड़प में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कमरे की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने यह प्लान पहले से ही बना रखा था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई के कोपरखैरने थाना क्षेत्र में दो गुटों में मारपीट हुई और यह मारपीट खुलेआम होती रही। इस मारपीट में एक की मौत हो गई है, जब कि चार अन्य लोग घायल हो गए हैं। पहले की मारपीट का बदला लेने के लिए गुट के एक सदस्य पर हमला करने का मामला कोपरखैरने थाने में दर्ज किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज
कोपरखैरने थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय भोसले ने बताया कि दोनों समूहों के सदस्यों ने पुरानी दुश्मनी को लेकर एक-दूसरे पर लाठियों, लोहे की छड़ों और अन्य हथियारों से हमला किया। जिसमें नजीर शेख नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई और दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों समूहों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ दंगा, हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य आरोपों में मामले दर्ज किए हैं।
भोसले ने बताया कि पुलिस ने दोनों समूहों के एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।

सिगरेट लाने से मना किया तो, कर दी दोस्त की हत्या!
इसी तरह की हैरतअंगेज कर देने वाली दूसरी घटना ठाणे की है। यहां सिगरेट लाने से मना करने पर एक दोस्त ने दूसरे को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई। ठाणे शहर के डोम्बिवली से ये चौकाने वाली वारदात सामने आई है। मृतक की बहन की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो बकुल द्वारा जयेश की पिटाई का सीसीटीवी फुटेज सामने आ गया और बकुल को हत्या के आरोप में डोम्बिवली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बीते 4 नवंबर की रात पीड़ित जयेश जाधव (38) आरोपी और अन्य कुछ दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे। पार्टी समाप्त होने के बाद सभी अपने-अपने घर के लिए निकल गए। घर के पास पहुंचने पर आरोपी ने पीड़ित से सिगरेट लाने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया।