ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

नवी मुंबई: होटल में मराठी गाना नहीं बजाने पर, मनसे कार्यकर्ता ने मैनेजर की पिटाई की

मुंबई: मुंबई में महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां एक होटल में मराठी गाने नहीं बजाने को लेकर मनसे कार्यकर्ता ने होटल के मैनेजर को थप्पड़ जड़ दिया। घटना बुधवार रात नवी मुंबई के वाशी इलाके की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। भाजपा ने कार्रवाई की मांग की है।

मराठी गाने नहीं बजाने को लेकर हुआ विवाद
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें मनसे के कुछ कार्यकर्ता होटल ‘द टेस्ट ऑफ पंजाब’ में एंटर होते हैं। एक महिला कार्यकर्ता मैनेजर से बोलती है कि रजिस्टर में वह मराठी गानों पर पार्टी की बुकिंग दिखाइए। होटल मैनेजर ने साफ मनाकर दिया, उनका कहना था कि वे सिर्फ बुकिंग करने वाले को ही लिस्ट दिखाएंगे। इतने में मनसे कार्यकर्ताओं में से एक ने कहा कि हम महाराष्ट्र में हैं और केवल मराठी गाने बजाए जाएंगे, लेकिन मैनेजर ने कहा कि यहां सिर्फ हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी गाने ही बजेंगे। इस पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो जाती है। फिर मनसे कार्यकर्ता मैनेजर को थप्पड़ मार देता है।

भाजपा बोली- हम गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे
मामले को तूल पकड़ता देख भाजपा ने मनसे पर निशाना साधा। भाजपा विधायक राम कदम ने कहा, हम किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे, चाहे वह किसी भी पार्टी का कार्यकर्ता या नेता हो। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा। हम किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेने देंगे। यह उद्धव ठाकरे की सरकार नहीं है, राज्य को एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस चला रहे हैं। हम इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।