नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहर

नागपुर: चार साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, लोगों ने आरोपी को निर्वस्त्र कर घुमाया

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर के नजदीकी इलाके में 35 वर्षीय व्यक्ति को गुस्साई भीड़ ने चार साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश करने पर निर्वस्त्र कर घुमाया। लोगों ने आरोपी जवाहर वैद्य के हाथ रस्सी से बांधे उसके कपड़े उतरवाए और फिर सड़कों पर घुमाया। इस दौरान उसे गुस्साए लोगों ने पीटा भी, जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपी कोऑपरेटिव सोसायटी बैंक में कैश कलेक्शन का काम करता है। पुलिस में दर्ज करवाई गई शिकायत के मुताबिक, वैद्य बच्ची के घर रोज कैश कलेक्ट करने जाया करता था। रविवार को जब उसने बच्ची को अकेले पाया तो उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस दौरान अचानक बच्ची की मां वहां आ गई और उसने शोर मचाया, जिसे सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने वैद्य को पकड़ लिया।
मामले की जानकारी और लोगों को लगी तो उन्होंने आरोपी को घेर लिया और उसे पीटते व निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाया। इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया गया है।

मुंबई: नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत करने वाला टीचर गिरफ्तार

मुंबई: चारकोप पुलिस ने एक ट्यूशन टीचर को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 4 महीने से छात्रा को परेशान कर रहा था। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी टीचर चारकोप के सेक्टर एक स्थित एक नामी क्लासेज में पढ़ाता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिला‌‌फ 15 वर्षीय छात्रा ने बदसलूकी, छेड़छाड़ और अश्लील बातें करने के अलावा अश्लील गानों के लिंक मोबाइल पर भेजने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि टीचर पिछले 4 महीने से उसे देखकर अश्लील इशारे करता था। साथ ही, मौका मिलने पर शरीर को छूता था और खुद को दोस्त बताया करता था।
छात्रा ने टीचर को कई बार मना भी किया, मगर उसकी हकरतें और बढ़ती जा रही थीं। पीड़िता के पिता ने बताया कि टीचर की हरकतों से परेशान होकर बेटी ने शुक्रवार को स्कूल टीचर को सारी बातें बताईं। उन्होंने यह बात माता-पिता को बताने के लिए कहा। पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

मुंबई: स्टेशन पर छेड़छाड़, लड़की ने कॉलर पकड़ आरोपी को पुलिस को सौंपा

मुंबई: पश्चिम रेलवे पर शनिवार रात 10:30 बजे एक युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। इस मामले में अंधेरी जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
जीआरपी ने बताया कि आरोपी ने दादर स्टेशन पर पीड़िता से छेड़छाड़ की, फिर भीड़ का फायदा उठाकर लोकल में सवार हो गया। पीड़िता ने साहस दिखाते हुए आरोपी का पीछा किया और खुद भी ट्रेन में सवार हो गई। अंधेरी स्टेशन आने के बाद प्लैटफॉर्म पर पुलिस को देखकर पीड़िता ने दरवाजे पर खड़े आरोपी को कॉलर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
अंधेरी जीआरपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता का बयान लिया और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। यह घटना दादर में हुई थी, इसलिए अंधेरी जीआरपी ने केस मुंबई जीआरपी को ट्रांसफर कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एस. धिवार ने बताया कि आरोपी जावेद शाह मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस जांच कर रही है।