दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

नुपुर शर्मा के खिलाफ महाराष्ट्र में FIR दर्ज, जानें- क्या है पूरा मामला?

नयी दिल्ली/मुंबई: एक टेलीविजन शो के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर कथित विवादित बयान को लेकर बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा पर FIR दर्ज की गई है। प्रवक्ता की टिप्पणी को लेकर महाराष्ट्र में भारतीय सुन्नी मुसलमानों के सुन्नी बरेलवी संगठन रजा अकादमी द्वारा यह मामला दर्ज कराया गया है।
एक राष्ट्रीय चैनल पर पैगंबर मोहम्मद पर उनकी कथित टिप्पणी के बाद धारा 295ए, 153ए और 505बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि नुपुर शर्मा के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने, द्वेष फैलाने व दूसरे धर्म के खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, दोनों पक्ष के समर्थकों की तरफ से ट्विटर पर एक-दूसरे की गिरफ्तारी को लेकर ट्रेंड चलाया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला?
इन दिनों वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद मामले को लेकर देशभर में बहस छिड़ी हुई है। शुक्रवार 27 मई को नुपुर एक नेशनल टेलीविजन न्यूज चैनल की डिबेट में पहुंचीं। बहस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू आस्था का लगातार मजाक उड़ा रहे हैं। अगर यही है तो वह भी दूसरे धर्मों का मजाक उड़ा सकती हैं। नुपुर ने इसके आगे इस्लामी मान्यताओं का जिक्र किया, जिसे कथित फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर ने अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया और नुपुर पर पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

जान से मारने और दुष्कर्म की मिली थी धमकी
बता दें कि एक वायरल वीडियो में यह दावा किया गया था कि टीवी शो पर ज्ञानवापी ढांचे पर बहस के दौरान नुपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद नुपुर को जान से मारने और दुष्कर्म तक की धमकियां भी मिलीं थी। दूसरी ओर नुपुर ने वीडियो को गलत और (Edited) बताया है।

नुपुर ने आरोप लगाया कि आल्ट न्यूज के मालिक ने उनके खिलाफ ट्रोल को प्रोत्साहित करने के लिए एक संपादित (Edited) वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने कहा कि अगर उनके परिवार को कोई नुकसान होता है तो आल्ट न्यूज के मालिक को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। नुपुर ने ट्वीट किया- मैंने पुलिस आयुक्त और दिल्ली पुलिस को टैग किया है। मुझे संदेह है कि मुझे और मेरे तत्काल परिवार के सदस्यों को नुकसान होगा। अगर मुझे या मेरे परिवार के सदस्यों को कोई नुकसान हुआ, तो मोहम्मद जुबैर जो मुझे लगता है कि ‘आल्ट न्यूज’ के एक मालिक हैं, वह जिम्मेदार होंगे।

बता दें कि नुपुर शर्मा दिल्ली भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की सदस्य भी हैं। वह इसके अलावा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का प्रमुख चेहरा भी रह चुकी हैं। नुपुर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वह 2015 दिल्ली विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुकी हैं। तब वह पहली बार चर्चा में आई थीं। लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से पढ़ाई करने वाली नुपुर पेशे से वकील भी हैं। इसके अलावा उन्होंने बर्लिन से भी पढ़ाई की है।