पंजाबब्रेकिंग न्यूज़

पंजाब: लुधियाना के ग्यासपुरा में जहरीली गैस लीक होने से 11 लोगों की मौत; कई बीमार, पूरा इलाका सील

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां के ग्यासपुरा इलाके में गैस लीक होने के कारण 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल भी हैं। गैस लीक की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और एहतियातन पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। NDRF की 35 सदस्यों वाली एक रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (CBRN) टीम मौके पर पहुंच गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी तक यह पता नहीं लग पाया है कि गैस का लीकेज का सोर्स क्या है और कौन सी गैस लीक हुई है। ये जहरीली गैस किसी फैक्ट्री से लीक हुई है, या सीवरेज से इस बात की अभी जांच चल रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, लुधियाना के ग्यासपुरा में गैस लीक से मारे गए लोगों में बच्चे भी शामिल हैं। वहीं लुधियाना की एसडीएम स्वाति तिवाना ने बताया कि गैस लीक के बाद 11 लोग बेहोश हो गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। गैस रिसाव की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस फैक्टरी के मालिक का पता लगाने की कोशिश कर रही है। गैस लीक के बाद ग्यासपुरा में चिकित्सा और पैरामेडिक टीमों के साथ एनडीआरएफ की टीम भेजी गई है। बताया जा रहा है कि जहां से गैस लीक हुई, वह फैक्टरी बंद पड़ी थी। गैस रिसाव के चलते फैक्टरी के आसपास बने घरों में रहने वाले कई लोग बेहोश होने लगे।

कब और कैसे हुआ गैस रिसाव?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गैस लीक होने के बारे में करीब सुबह 7:15 बजे पता चला, जब इलाके में कुछ लोगों ने अचानक तबीयत खराब होने की शिकायत की। बताया जा रहा है कि गैस रिसाव डेयरी उत्पादों का उत्पादन करने वाली फैक्ट्री गोयल मिल्क प्लांट के कूलिंग सिस्टम हुआ है। जहरीली गैस के कारण कई लोग अपने घरों में ही बेहोश हो गए, जबकि 3 बच्चों की क्लिनिक में ही मौत हो गई।
बता दें कि गैस रिसाव के चलते 300 मीटर के दायरे में लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा था।

सीएम भगवंत मान ने घटना पर दु:ख जताया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गैस रिसाव की घटना पर दु:ख जताया है। उन्होंने पंजाबी में ट्वीट किया- लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में फैक्ट्री में गैस रिसाव की घटना बेहद दुखद है। पुलिस, प्रशासन और NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हरसंभव मदद की जा रही है।