दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

पीएम मोदी की शिवाजी से तुलना, मुंबई कांग्रेस का बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन…

मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना करने वाली किताब के खिलाफ सोमवार को मुंबई कांग्रेस ने आजाद मैदान के पास विरोध प्रदर्शन किया और पुस्तक के लेखक का फोटो भी जलाया।
बता दें कि यह पुस्तक दिल्ली बीजेपी के नेता जय भगवान गोयल ने लिखी है। रविवार को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में इस किताब का विमोचन किया गया था। मुंबई कांग्रेस के नेताओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज से मोदी की तुलना करने वाली इस किताब को प्रतिबंधित करने और लेखक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड ने कहा कि यह सरासर छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान है। यह बर्दाश्त से बाहर है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि वह इस किताब को बाजार में नहीं आने देगी। कांग्रेस ने कहा है कि आर्थिक मंदी, बेरोजगारी जैसी विकट समस्याओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए बीजेपी सरकार इस तरह के ओछे हथकंडे अपना रही है।
आंदोलन में मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक चरण सिंह सप्रा, मधु चव्हाण, अशोक जाधव, मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष भंवरसिंह राजपुरोहित, मुंबई यूथ कांग्रेस के गणेश यादव और वीरेंद्र बक्षी, मुंबई कांग्रेस अनुसूचित जाति सेल के अध्यक्ष कचरू यादव, नगरसेवक सुनील नरसाले, मुंबई कांग्रेस के कोषाध्यक्ष संदीप शुक्ला, मुंबई कांग्रेस के समन्वयक राजेश ठक्कर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल थे।