ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

पुलिस थाने में हिस्ट्रीशीटर का जन्मदिन मनाने वाले पुलिसवालों पर गिरेगी गाज? सीपी के आदेश के बाद जांच शुरू

मुंबई: मायानगरी मुंबई से सटे वसई के तुलिंज पुलिस स्टेशन में हिस्ट्रीशीटर सचिन गाला के जन्मदिन के एक वीडियो ने पुलिस और अपराधियों में पक्की गठजोड़ की पोल खोल दी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पुलिसवाले बाकायदा केक कटवाकर हिस्ट्रीशीटर सचिन को खिला रहे हैं और तालियां बजाकर बर्थडे सॉन्ग भी गा रहे हैं! वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
उपरोक्त वीडियो 12 अक्टूबर का बताया जा रहा है। इसमें वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डीएस पाटिल समेत पूरा पुलिस महकमा उनके केबिन में मौजूद है। पहले सभी तालियां बजाते हुए गाकर अपराधी को जन्मदिन की बधाई देते हैं। इसके बाद सब उसे अपने हाथों से केक भी खिलाते हैं।

सचिन गाला पर दर्ज हैं कई मामले
खुद को बिल्डर बताने वाले हिस्ट्रीशीटर संजय गाला पर धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ वसई-विरार महानगरपालिका ने भी अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किए हैं। सचिन पर आरोप है कि उसने जानवरों के चारागाह के लिए महाराष्ट्र शासन द्वारा आरक्षित जमीन पर कब्जा कर रखा है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग महाराष्ट्र पुलिस पर सवाल खड़े कर रहे हैं।हालांकि, इस मामले में सफाई देते हुए सचिन गाला ने कहा है कि उस पर लगे सभी आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं।