Barabanki Crime
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार की सुबह एक भाई ने अपनी बहन का सिर धड़ से अलग कर दिया। इतना ही सिर हाथ में लेकर वह गांव में करीब 800 मीटर तक घूमता रहा। हाथ में युवती का कटा सिर ले जा रहे युवक का रास्ते में कुछ लोगों ने फोटो-वीडियो बना लिया और पुलिस को इसकी सूचना दे दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उसे रास्ते से ही दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि बहन की चाल-चलन से परेशान भाई ने हत्या की है। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि बाराबंकी के थाना फतेहपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मिठवारा में रियाज नामक युवक ने अपनी 18 वर्षीय सगी बहन की गला काटकर हत्या कर दी। उसकी बहन आशिफा गांव के एक शख्स चांद बाबू के साथ भाग गई थी। वह उससे प्यार करती थी। इस मामले में उसके पिता के द्वारा मुकदमा लिखाया गया था। लड़की द्वारा उठाये गए इस कदम से नाराज भाई ने बहन की गला काटकर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे गिरफ्तार कर अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, पड़ोसियों ने बताया कि रियाज का अपनी बहन आशिफा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ देर रुकने के बाद वह घर से बाहर निकल गया। उसके बाद जब वापस आया तो अपनी बहन से कपड़े धोने के लिए बोला। रियाज की बहन कपड़े धोने के लिए घर से बाहर निकली और पानी भरने लगी। उस वक्त रियाज पीछे से आया और बहन पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर दिया। रियाज तब तक चापड़ से उसके गले पर मारता रहा जब तक कि गर्दन अलग नहीं हो गई।
इस वारदात को अंजाम देने के बाद उसने सिर को हाथ में उठाया और थाने की ओर जाने लगा। आसपास के लोगों ने जब सिर के साथ उसको घर से बाहर जाते देखा तो वह डर के मारे कांप गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने रियाज को रास्ते से ही गिरफ्तार कर लिया।
पड़ोसियों ने बताया कि रियाज की बहन गांव के अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। 29 मई को परिवार के लोगों ने युवक के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने युवक और युवती दोनों को गांव के बाहर से पकड़ लिया था। युवक को जेल भेज दिया गया। वहीं, लड़की को परिवार वालों को सौंप दिया गया था। उनका कहना है कि इसे लेकर घर में बहुत झगड़ा हुआ था। इसके बाद रियाज अपनी बहन को पसंद नहीं करता था, आए दिन भाई-बहन में विवाद होता रहता था। इस विभत्स हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी व्याप्त हो गई है। मौके पर पहुंचे एसपी दिनेश कुमार सिंह मामले की जांच में जुट गए हैं।
