राजनीतिशहर और राज्य

बिहार NDA में लोकसभा चुनाव का फॉर्मूला तय, बराबर सीटों पर लड़ेंगे JDU व BJP

पटना , बिहार में जदयू व भाजपा बराबर-बराबर सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। जहां तक सीटों की संख्‍या व किस सीट पर कौन लड़ेगा, की बात है, जल्‍दी ही इसका भी फैसला हो जाएगा। यह बड़ा ऐलान भाजपा के अध्‍यक्ष अमित शाह ने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के साथ संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन के दौरान किया।
गौरतलब हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीती रात से दिल्ली में हैं। वे वहां राजग के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। शुक्रवार को सबसे पहले उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई। इसके बाद वे अमित शाह से मिले। फिर दोनों नेताओं ने संयुक्‍त प्रेस कॉन्‍फ्रेंस की। इसके बाद अब नीतीश कुमार दिल्ली में जदयू नेताओं के साथ बैठक करेंगे। मुख्यममंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने गए। वहां दोनों के बीच क्या‍ बात हुई, इसका खुलासा तो नहीं हो सका है, लेकिन बताया जा रहा है कि इसमें लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग का मुद्दा शामिल रहा।
संवाददाता संम्‍मेलन में अमित शाह ने कहा कि बिहार में राजग बड़ी ताकत बनकर उभेरगा। बिहार में जदयू व भाजपा की सीटों की संख्‍या समान होगी। गठबंधन के अन्‍य साथियों के लिए भी सम्‍मानजनक सीटें रहेंगी। संवाददाता सम्‍मेलन में उन्‍होंने स्‍पष्‍ट किया कि रालोसपा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा सहित सभी घटक दल एकजुट हैं।
संवाददाता सम्‍मेलन में नीतीश कुमार ने कहा कि सीटों को लेकर लगभग सारी बातचीत हो चुकी है। जो कुछ बातें शेष हैं, उनपर बातचीत भी अंतिम दौर में है। पहले सीटों की संख्‍या तय हो जाएगी, फिर यह तय होगा कि कौन कहां से लड़ेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू की हाई लेवल बैठक में शामिल होंगे। दिल्ली में होने वाली इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर, पार्टी के महासचिव केसी त्यागी तथा बिहार प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह शामिल रहेंगे।
विदित हो कि वर्तमान में बिहार की 40 लोकसभा सीटों में 33 पर राजग का कब्‍जा है। इनमें 22 सीटें भाजपा, छह लोजपा, तीन रालोसपा को मिली थीं। बाद में इसमें जदयू की दो सीटें भी आ मिलीं। असे देखते हुए जदयू को बड़ा फायदा होता दिख रहा है, जबकि भाजपा बड़े घाटे में रहेगी।
उपरोक्त राजनीतिक व्यस्तताओं के पहले मुख्यमंत्री शुक्रवार की सुबह सबसे पहले दिल्ली एम्स गए। नीतीश कुमार इन दिनों बीमार चल रहे हैं। उन्होंने 24 अक्टूबर को पटना के एम्स में इलाज कराया था। पिछले दिल्ली दौरे के दौरान भी नीतीश कुमार 18 सितंबर को दिल्ली एम्स गए थे।