मुंबई, मानखुर्द इलाके में एक कथित प्रेमी ने अपनी प्रेमिका और उसके बॉयफ्रेंड पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों को मरा समझ उसने खुद की गर्दन को काट सुसाइड का प्रयास भी किया। फिलहाल तीनों गंभीर हाल में ठाणे जिला हॉस्पिटल में एडमिट हैं। मानखुर्द पुलिस ने पूर्व प्रेमी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मानखुर्द पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन बोबडे ने बताया कि आरोपी प्रेमी का नाम चंद्रकांत सालुंखे (24) है और ये पुणे का रहने वाला है। आरोपी आईटी कंपनी में ऑफिस बॉय का काम करता है। लड़की इसके गांव की रहने वाली है और वह मानखुर्द में एक डायग्नोस्टिक सेंटर में काम करती है। दोनों के बिच 2014 तक अफेयर चला था लेकिन मुंबई आने के बाद इसी सेंटर में काम करने वाले अशोक कांबले (26) से उसे प्रेम हो गया और उसने सालुंखे से दूरी बाना ली। सोमवार की दोपहर आरोपी पुणे से मुंबई आया और बीच सड़क पर लड़की और उसके प्रेमी पर हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आसपास के लोगों ने ठीक समय पर हमलावर को रोक दिया और तीनों घायलों को हॉस्पिटल पहुंचा। इस तरह उनकी जान बच गई। लड़की की शिकायत पर आरोपी चंद्रकांत सालुंखे के खिलाफ धारा 307, 326 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभी घायल है इसलिए अभी उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।
