ठाणेब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

कुआं साफ करने नीचे उतरे 3 मजदूरों और उन्हें बचाने गए 2 दमकलकर्मियों की मौत..!

नेटवर्क महानगर

मुंबई के ठाणे से सटे कल्याण में एक कुआं साफ करने नीचे उतरे तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। इन्हें बचाने के लिए कुएं में गए दो दमकल कर्मियों को भी अपनी जान गंवानी पड़ीं है। फिलहाल सभी के शवों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।
खबर है कि कल्याण के नेतीवली लोकग्राम गांव में सड़क के किनारे एक पुराना कुआं है। इसके ठीक बगल में एक नाला बहता है। नाले का केमिकल युक्त गंदा पानी कई महीनों से कुएं में जा रहा था, जिसके बाद गुरुवार सुबह इसकी सफाई के लिए प्रयास शुरू हुआ। इसे साफ करने एक मजदूर रस्सियों के सहारे नीचे उतरा। कुछ ही देर बाद वह बेसुध होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे निकालने के लिए दो अन्य मजदूर नीचे उतरे और वे भी अपनी जान गंवा बैठे। स्थानीय लोगों द्वारा मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड कर्मियों को देने के बाद मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंच गई और दो फायर कर्मचारी कुएं में नीचे उतरे और जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी भी जान चली गई। जिसके बाद सेफ्टी बेल्ट और ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ कुछ अन्य दमकलकर्मियों को नीचे उतारा गया और उन्होंने कुएं में पड़े शवों को बाहर निकाला।