ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

‘ब्रेक द चेन’ की नई गाइडलाइंस: सरकारी दफ्तरों में 15% कर्मचारी, शादी में कुल 25 लोग ही हो सकेंगे शामिल

मुंबई: महाराष्ट्र में कड़ी पाबंदियों के बावजूद भी कोरोना की सुनामी रुकने का नाम नहीं ले रही है। इसलिए राज्य सरकार आज रात 8 बजे से लॉकडाउन लगाने जा रही है। हालांकि, सरकार ने इसे ‘ब्रेक द चेन’ का ही नाम दिया है। इसके तहत बिना किसी जरूरी वजह घर से बाहर नहीं निकल सकेंगे। आम आदमी के लोकल और मेट्रो ट्रेन में सफर पर पाबंदी लगा दी गई है। सरकारी कार्यालयों में 15% कर्मचारियों की ही मौजूदगी रहेगी। वहीं शादी का कार्यक्रम दो घंटे में पूरा करना अनिवार्य होगा और उसमें भी 25 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। ये आदेश न मानने पर 5,000 से 50,000 रुपए तक का जुर्माना देना होगा। सरकार के ये आदेश गुरुवार रात 8 बजे से लागू होंगे। नए आदेश में वाहनों के एक जिले से दूसरे जिले में जाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। हालांकि, इमरजेंसी में अधिकारियों की मंजूरी से ट्रांसपोर्टेशन किया जा सकता है।

राज्य में लगने जा रहे लॉकडाउन के नियम

  • केंद्रीय और राज्य सरकार के ऑफिस 15% कर्मचारियों की क्षमता से चलाए जाएंगे। पहले ये 50% कर्मचारियों के साथ चल रहे थे।
  • यदि मंत्रालय या फिर केंद्रीय सरकारी दफ्तर ज्यादा अटेंडेंस के साथ चलाना है तो उसके लिए महाराष्ट्र स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के CEO से परमिशन लेनी होगी।
  • शादी समारोह से जुड़े नियम तोड़ने पर 50,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
  • प्राइवेट बसें 50% कैपेसिटी के साथ चलाई जा सकती हैं। इस दौरान कोई भी यात्री खड़ा होकर सफर नहीं करेगा। ये बसें 1 जिले से दूसरे जिले और एक शहर से दूसरे शहर में नहीं चलेंगी।
  • एक जिले से दूसरे जिले में बस चलाने के लिए लोकल अथॉरिटी को जानकारी देनी होगी और जो भी यात्री एक जिले से दूसरे जिले में जाएगा तो उसके हाथ पर 14 दिनों का क्वारैंटाइन का स्टांप लगाया जाएगा। हालांकि, लोकल अथॉरिटी को ये अधिकार दिया गया है कि क्वारैंटाइन का स्टांप लगाने का फैसला वे खुद ले सकें।
  • लोकल ट्रेन, मेट्रो और मोनोरेल का इस्तेमाल सेंट्रल गवर्नमेंट, स्टेट गवर्नमेंट और लोकल अथॉरिटी के स्टाफ के साथ-साथ डॉक्टर और जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग ही कर सकते हैं।
  • स्टेट और लोकल अथॉरिटी की बसें 50% क्षमता में ही चलाई जा सकती है, इनमें कोई भी यात्री खड़ा नहीं रहेगा।
  • लोकल ट्रेन का मेडिकल इमरजेंसी के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। जिस व्यक्ति को मेडिकल इमरजेंसी है उसके साथ अटेंडेंट को भी परमिशन दी जा सकती है।

एक बार में एक हफ्ते का वैक्सीन स्टॉक चाहिए
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य को रोजाना आठ लाख से ज्यादा लोगों को टीके लगाने के लिये एक बार में एक सप्ताह का वैक्सीन स्टॉक चाहिए। उन्होंने कहा कि यह भौगोलिक रूप से बड़ा राज्य है और हमें एक कोने से दूसरे कोने तक टीकों का स्टॉक पहुंचाने के लिये कम से कम दो दिन का समय लगता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में केन्द्र को कई पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन हमारी मांग नहीं सुनी गई।

मुंबई में जल्द शुरू होंगे 100 वैक्सीनेशन सेंटर
राज्य के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने बीएमसी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मुंबई के सभी 227 वार्डों में वैक्सीनेशन सेंटर शुरू किए जाएं। इसके बाद मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर ने कहा कि जल्द ही मुंबई में वैक्सीन के 100 और सेंटर शुरू हो जाएंगे। इससे लोगों को वैक्सीन के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा और इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मुंबई में अभी 130 सेंटर पर कोरोना की वैक्सीन लोगों को दी जा रही है।

मुंबई के मलाड में बनेगा 2 हजार बेड का नया हॉस्पिटल
मलाड में MMRDA 2000 बेड का जंबो अस्पताल बनाने जा रहा है। इस ओपन हॉस्पिटल में ICU के 200 बेड होंगे। MMRDA इससे पहले BKC में कोरोना मरीजों के लिए दो जंबो अस्पताल तैयार कर चुका है। इस अस्पताल में एक्सरे, ECG, पल्स ऑक्सिमीटर, कंप्यूटर समेत लैब की व्यवस्था रहेगी। पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे के अनुसार, मलाड में 2000 बेड के अस्पताल के बन जाने से कोरोना मरीजों की बेड की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।

मुंबई में सिर्फ 0.03% डेथ रेट: मनपा आयुक्त
मुंबई में 11 फरवरी 2021 से सेकंड वेव शुरू हुई। मुंबई में तब 11,400 कोरोना मरीजों की मौत हुई थी, लेकिन 19 अप्रैल 2021 तक मृतकों की संख्या 12,347 हो गई। इस तरह कोरोना की सेकंड वेव के 70 दिनों में 953 मरीजों की मौत हुई। मुंबई में पिछले 70 दिनों में 13.6 कोरोना पॉजिटिव मरीज की रोजाना मौत हुई और मृत्युदर 0.03% रही। जबकि इन दिनों में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2.66 लाख बढ़ी।
बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने कहा कि मुंबई में 87% एसिम्प्टोमेटिक मरीज हैं। साथ ही डेथ रेट भी कम है। मुंबई में दूसरी लहर को आए 70 दिन हो गए, इस दौरान महानगर में कोरोना डेथ रेट सिर्फ 0.03% रही है, जो कि बड़ी राहत की बात है। उन्होंने बताया कि मुंबई में कोरोना की दूसरी लहर के बावजूद महानगरपालिका प्रशासन और डॉक्टरों ने लोगों की जान बचाई।

राज्य में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 568 लोगों की मौत!
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से 568 लोगों की मौत हुई है। यह किसी भी राज्य में मौतों का एक दिन में सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसी दौरान 67,468 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 40 लाख के पार पहुंच चुकी है। कुल संक्रमित मरीजों के मामले में महाराष्ट्र अब दुनिया के 214 देशों से आगे हो चुका है। यहां से ज्यादा मरीज सिर्फ 7 देशों में हैं।

कोरोना मरीज ने नर्स पर जानलेवा हमला किया
दक्षिण मुंबई के मालाबार स्थित कोविड सेंटर में एक मरीज ने नर्स पर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, संक्रमित होने की वजह से अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मरीज ने सही ढंग से इलाज नहीं किए जाने की शिकायत की और फिर नर्स पर हमला कर दिया।