उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

बड़ी खबर: मां शारदा के दरबार में गला काटकर बोला- मां तुझे धरती पर आना होगा!

सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में मां शारदा की भक्ति का ऐसा रूप देखने को मिला, जिसे देखकर लोगों की रूह कांप जायेगी। नवरात्र के पहले दिन मैहर स्थित मां शारदा देवी के दरबार में 50 वर्षीय एक व्यक्ति ने खुद का गला काट लिया। कथित तौर पर यह सब उसने मां को खुश करने के लिए किया। शख्स की हालत गंभीर है। पहले उसे सिविल अस्पताल सतना में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बदौसा से एक परिवार नवरात्र पर मां शारदा का दर्शन करने मैहर पहुंचा था। मां के दरबार में मत्था टेकने के बाद पूरा परिवार सीढ़ियों से नीचे लौट रहा था। तभी अचानक 50 वर्षीय राजकुमार वर्मा ने परिवार से अलग होकर चाकू से खुद का गला रेत लिया और मां शारदा से न्याय की मांग करने लगा। खून से लथपथ शख्स को देखकर मंदिर में हंगामा मच गया। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल राजकुमार को सिविल अस्पताल ले गए।
इस दौरान शख्स बार-बार कह रहा था-मां को धरती पर आना होगा, मेरे साथ न्याय करना होगा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजकुमार पिछले 12 साल से देवी मां की आराधना में लीन रहा है। इस बार उन्होंने नवरात्र पर मैहर आने की जिद की तो परिजन साथ लेकर आए। मंदिर से नीचे उतरते वक्त उन्होंने खुद का गला काट लिया। परिजनों की माने तो घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं है और न ही कोई मन्नत ही मांगी गई थी।