उत्तर प्रदेशदेश दुनियाब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमुंबई शहरशहर और राज्य

भजन गायक विनोद अग्रवाल की हालत नाजुक, परिवार वाले मुंबई से पहुंचे मथुरा

मुंबई , मशहूर भजन गायक विनोद अग्रवाल की तबीयत बेहद नाजुक बनी हुई है। उन्हें मथुरा के नयति अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। इसकी सूचना मिलते ही मुंबई से उनके परिवार वाले भी मथुरा पहुंच गए हैं।

परिवार वालों का कहना है कि वृंदावन स्थित आवास पर रविवार को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। तत्काल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। तबीयत में फिलहाल कोई सुधार नहीं हो रहा है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। नयति की डायरेक्टर शिवानी शर्मा का कहना है कि उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। हालत बेहद नाजुक है। उनके अंग पूरी तरह से काम नहीं कर पा रहे हैं।

12 वर्ष की उम्र में सीखा भजन गायन :

भजन गायक विनोद अग्रवाल ने यहां वृंदावन में पुष्पांजलि बैकुंठ में अपना आवास बना रखा है। रविवार की सुबह सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें नयति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से उनका वहीं इलाज चल रहा है।
विनोद अग्रवाल का जन्म 6 जून 1955 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय किशननंद अग्रवाल और मां स्वर्गीय रत्नदेवी अग्रवाल को भगवान कृष्ण और राधा पर अटूट विश्वास था।
1962 में माता-पिता और भाई-बहनों के साथ वो दिल्ली से मुंबई चले गए। महज 12 वर्ष की आयु में उन्होंने भजन गायन और हार्मोनियम बजाना सीख लिया। उनके भजन देश में ही नहीं विदेशों में भी सुनते जाते हैं।
विनोद अग्रवाल अब तक देश-विदेश में 1500 से अधिक लाइव कार्यक्रम कर चुके हैं। ब्रिटेन, इटली, सिंगापुर, स्विटजरलैंड, फ्रांस, कनाडा, जर्मनी, आयरलैंड, दुबई समेत कई देशों में सफल कार्यक्रम किए हैं।