उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

UP: कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर ग्राम प्रधान की हत्या!

सीतामढ़ी (भदोही): कोइरौना थाना के बहपुरा शेरपुर के ग्राम प्रधान कन्हैयालाल निषाद (52 वर्ष) की मंगलवार की देर शाम कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। वह साइकिल से स्थानीय बाजार से घर जा रहे थे। ग्रामीणों ने प्रधान का लहुलुहान शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने शव को कब्जे में लिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी भी पहुंच गए और घटनास्थल का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि कन्हैयालाल देर शाम बाजार आए थे। यहां कई लोगों से मिले और कुछ काम निपटाने के बाद साइकिल से घर के लिए निकल गए। इसी दौरान सरसों के खेत के पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उनकी गर्दन काट दी। जिससे प्रधान कन्हैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना पर पूरे गांव में कोहराम मच गया। गांव के कुछ दूर पहले सिवान में उनका खून से लथपथ शव देख ग्रामीणों ने शोर मचाया तो बस्ती के लोग भी एकत्र हो गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उनके सिर, पीठ, हाथ में कुल्हाड़ी से प्रहार किया गया था। शरीर में कई जगह चोट के निशान थे। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। उधर प्रधान के स्वजन को जानकारी हुई तो वे रोते-बिलखते थाने पहुंच गए। इससे वहां काफी भीड़ लग गई।
पुलिस ने स्वजन को ढांढ़स बंधाया और आश्वासन दिया कि हत्या करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रात्रि 10 बजे मौके पर एसपी डॉ अनिल कुमार पहुंच गए। उन्होंने थानाध्यक्ष व ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। मामले का खुलासा करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। एसएचओ चित्रकूट पुरी को दो दिन में घटना का राजफाश करने का निर्देश दिया। मृतक के चार पुत्र हैं, एक बेटे की शादी हो चुकी है, पूरा परिवार खेती किसानी का काम करता है।