ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

BJP नेता संदीप म्‍हात्रे गिरफ्तार, नवी मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR

मुंबई: भाजपा नेता संदीप म्हात्रे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नवी मुंबई पुलिस के डीसीपी सुरेश मेंगड़े के मुताबिक, संदीप म्हात्रे ने जो पोस्‍ट साझा की थी इससे दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया था। म्हात्रे के खिलाफ आईपीसी की धारा 153ए, 500 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला शिवसेना के कुछ समर्थकों की शिकायत के बाद दर्ज किया गया है।
नवी मुंबई में कोपरखैरणे पुलिस ने संदीप म्हात्रे को गिरफ्तार किया है। म्हात्रे पर आरोप है कि उन्होंने सीएम उद्धव ठाकरे को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्‍पणी की थी। इस संबंध में शिवसैनिकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने म्हात्रे के खिलाफ कार्रवाई की।

संदीप म्हात्रे नवी मुंबई के कोपरखैरणे इलाके के सामाजिक कार्यकर्ता हैं और भाजपा विधायक गणेश नाईक के कट्टर समर्थक माने जाते हैं। संदीप म्हात्रे की पत्नी पार्षद भी रह चुकी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनकी पत्‍नी रश्मि ठाकरे, राकांपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करने के आरोप में जितेन गजारिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में शिवसेना के उपनगरीय आयोजक उमेश वाघ ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और जितेन गजारिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। भाजपा सोशल मीडिया सेल के प्रभारी जितेन गजारिया ने CM उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे को ‘मराठी राबड़ी देवी’ कहा था। यही विवाद का कारण बना। इस बारे में गजारिया से गुरूवार को 4 घंटे पूछताछ की गई। इसके अलावा, गजरिया पर कथित तौर पर जाति और धर्म को लेकर एक विवादित पोस्ट अपलोड करने का भी आरोप है।