उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

भाजपा सांसद को रामदास आठवले का समर्थन; राज ठाकरे के अयोध्या दौरे का किया था विरोध

मुंबई: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के 5 जून के अयोध्या दौरे का विरोध करने वाले उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से भाजपा के बाहुबली सांसद बृजभूषण शरण सिंह की भूमिका को समर्थन दिया है। हालांकि, प्रदेश भाजपा बृजभूषण के बयान को निजी बताते हुए पहले ही पल्ला झाड़ लिया है। लेकिन रविवार को भाजपा की सहयोगी आरपीआई के अध्यक्ष आठवले ने सिंह को समर्थन दे दिया है। पुणे में आठवले ने कहा कि मेरा सिंह को समर्थन है। क्योंकि मुंबई और महाराष्ट्र में रहने वाले उत्तर भारतीयों का विरोध करने वाले राज ठाकरे को उत्तर प्रदेश में जाने का अधिकार नहीं है।
केंद्रीय मंत्री आठवले ने कहा कि राज ठाकरे को उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था खराब करने के लिए नहीं जाना चाहिए। मनसे नेता को उत्तर प्रदेश में जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। आठवले ने कहा कि राज ठाकरे ने शिवसेना प्रमुख दिवंगत बालासाहेब ठाकरे को धोखा दिया है। इसलिए राज को उन्हें बालासाहेब का नाम लेने का भी अधिकार नहीं है।
आठवले ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि राज ने भाजपा के कहने पर हिंदुत्व की भूमिका स्वीकार की होगी। आठवले ने कहा कि राज किसी के इशारे पर काम करने वाले व्यक्ति नहीं है। मनसे को चुनावों में लगातार असफलता मिल रही थी। शायद इसी कारण उन्होंने हिंदुत्व के मुद्दे पर चलने का फैसला लिया है। लेकिन मुझे नहीं लगता है कि राज को बड़ी राजनीतिक सफलता मिलेगी।
इससे पहले बीते 5 मई को दिल्ली में भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था कि राज ठाकरे को अयोध्या दौरे से पहले मुंबई और महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के साथ किए गए दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगनी होगी। यदि राज ने माफी नहीं मांगी तो मैं उन्हें अयोध्या में घुसने नहीं दूंगा।