ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

मंत्रालय की छठी मंजिल से कूदा शख्स; सेफ्टी नेट पर गिरने से बची जान! कर रहा ये मांग…

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार के मंत्रालय (सचिवालय) की छठी मंजिल से एक शख्स ने कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन वह बिल्डिंग में बंधे सेफ्टी नेट पर आकर गिरा। शख्स की पहचान अहमदनगर के बापू मोकाशी के रूप में हुई है। नेट में फंसे युवक को कड़ी मशक्‍कत के बाद बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मोकाशी की मंगेतर के साथ रेप हुआ है, इसके बाद प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली थी। बीड जिले के आष्टी का रहने वाला बापू नारायण मोकाशी नाम का यह युवक इससे हताश था। पुलिस ने अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। उसने इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चार पत्र लिखे थे। इसके बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने बताया कि बापू मोकाशी (43) नाम के शख्‍स ने गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। लेकिन वह नीचे लगे हुए नेट पर जा गिरा, जो नीचे खुली जगह को कवर करता है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में मोकाशी मानसिक रूप विक्षिप्त लग रहा है। पुलिस ने कहा कि शख्स की जान बच गई है, लेकिन उसे कुछ चोटें आई हैं। फिलहाल, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके परिजनों को जानकारी दे दी गई है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि युवक सेफ्टी नेट पर खड़ा है।

वहीं, बालकनी में खड़े लोग उसे ऊपर खींचने के लिए हाथ दे रहे हैं, लेकिन वह मना कर रहा है। हालांकि, बाद में वहां मौजूद लोगों ने ही उसे नेट से नीचे उतारा। जैसे ही वह छलांग लगाता है तो मंत्रालय में काम करने वाले कर्मचारी और वहां मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठी हो जाती है।
इससे पहले भी कुछ लोगों ने मंत्रालय की बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। इसीलिए विशेष रूप से सुरक्षा के चलते मंत्रालय की बिल्डिंग के बाहर सेफ्टी नेट बांध दिया गया।