महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

‘मराठा क्रांति ठोक मोर्चा’ ने विभिन्न प्रलंबित मांगों को लेकर निकाला मोर्चा

मुंबई, मराठा क्रांति ठोक मोर्चा प्रदेश सरकार से विभिन्न प्रलंबित मांगों को मनवाने को लेकर अड़ गया है। सोमवार को मराठा क्रांति ठोक मोर्चा की ओर से मुंबई के आजाद मैदान पर धड़क मोर्चा निकाला गया। यह मोर्चा मंत्रालय तक जाना था लेकिन पुलिस ने आंदोलकारियों को वहीं रोक दिया। इसके बाद से मराठा क्रांति ठोक मोर्चा के प्रतिनिधि आजाद मैदान में आंदोलन पर बैठे हुए हैं। मराठा क्रांति ठोक मोर्चा के समन्वयक आबासाहब पाटील ने कहा कि सरकार जब तक हमारी मांगों को नहीं मानती है तब तक हम यहीं आंदोलन पर बैठ रहेंगे। पाटील ने कहा कि हमें प्रदेश के राजस्व मंत्री व मराठा आरक्षण उपसमिति के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने मंगलवार दोपहर में मुलाकात के लिए बुलाया है। पाटील ने कहा कि अब हम सरकार को कोई निवेदन नहीं देने वाले हैं। हमें सरकार से ठोस फैसला चाहिए। क्योंकि अभी तक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य मंत्रिमंडल की उपसमिति के पास कई बार निवेदन दिया जा चुका है। पाटील ने कहा कि सरकार ने मराठा समाज को आरक्षण दिया है लेकिन स्थानीय स्तर पर इसको लागू नहीं किया जा रहा है। शिक्षा और नौकरी में आरक्षण मिला है। लेकिन साल 2014 के एमपीएससी के विद्यार्थियों को अभी तक नियुक्ति पत्र नहीं मिल सका है। इसके अलावा मराठा समाज के लिए छत्रपति शाहू महाराज के नाम पर बनाई गई सारथी संस्था का लाभ दूसरे समाज के लोगों को मिल रहा है। सरकार के अण्णासाहब पाटील आर्थिक विकास महामंडल की कर्ज योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसलिए हम मराठा समाज की विभिन्न मांगों पर सरकार से ठोस फैसला चाहते हैं।