उस्मानाबादब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के उस्मानाबाद में कुत्ते ने खाया ‘मटन’ तो पिता ने बेटी को मार दी गोली; हुई मौत!

उस्मानाबाद: महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले में दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। यहां कुत्ते द्वारा मटन खाए जाने को लेकर हुए विवाद में एक पिता ने अपनी बेटी की जान ले ली। घटना के बाद से अरोपी पिता फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता ने विवाहित बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के वक्त आरोपी शराब के नशे में बताया जा रहा है। यह चौंकाने वाली घटना तुलजापुर तालुक के कार्ला में हुई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय काजल शिंदे के तौर पर हुई है, वह अपने पति के साथ रह रही थी। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना रविवार रात की है। काजल ने रात के खाने के लिए मटन पकाया था। मटन की ग्रेवी बनने के बाद वह घर में दूसरा काम कर रही थी। इस बीच एक कुत्ते ने मटन खा लिया। जिस वजह से काजल की मां मीरा ने इस बारे में पूछना शुरू कर दिया। तो दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
इसी बीच नशे में धुत काजल के पिता गणेश भोसले वहां पहुंचे और काजल पर गोली चला दी। पिता द्वारा चलाई गई गोली बेटी के सीने में लगी और वह गिर पड़ी। खून से लथपथ काजल को उसके परिजन जिला अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक काजल के पति मनोज शिंदे ने नलदुर्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पति की शिकायत पर काजल के माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद आरोपी पिता गणेश भोसले फरार हो गया है। जबकि पुलिस ने मां मीरा भोसले को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।