ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस ने की विकास और समृद्ध की कामना

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर गणपति बप्पा विराजे हैं। जबकि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी सरकारी आवास ‘सागर’ बंगले में गणपति बप्पा की स्थापना की है। बुधवार को मुख्यमंत्री ने वर्षा बंगले पर अपनी पत्नी लता शिंदे के साथ गणेश पूजा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री के बेटे तथा सांसद श्रीकांत शिंदे और बहू वृषाली शिंदे के साथ परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने बप्पा से प्रदेश के विकास के संकल्प को पूरा करने के लिए शक्ति प्रदान करने और इस काम में आने वाले विघ्न को दूर करने की प्रार्थना की है। राज्य के लोगों की सुख और समृद्धि के लिए गणराय के चरणों में कामना की है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पर्यावरण पूरक गणेश उत्सव मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के चलते पिछले दो सालों में गणेश उत्सव बड़े पैमाने पर नहीं मनाया जा सका था। लेकिन इस साल गणेश उत्सव की पूरे राज्य में धूम है। मुख्यमंत्री ने वर्षा में पूजा करने के बाद ठाणे जिले के लुईसवाडी में स्थित अपने निजी आवास पर भी गणेशजी की प्राण प्रतिष्ठा की।

राज्य के प्रगति के लिए की प्रार्थना: उपमुख्यमंत्री
गणपति पूजन के बाद उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में देश और राज्य के प्रगति पथ पर आगे बढ़ने और सभी संकट दूर करने के लिए प्रार्थना की है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गणेश उत्सव के लिए पूरा महाराष्ट्र और विशेष रूप से मुंबई जिस तरह से सजी है। इसकी मुझे दिल से खुशी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के बाद हम लोग एक बार फिर से त्यौहार और उत्सव पहले जैसे मनाने लगे हैं, यह ईश्वर की कृपा है।

राज्यपाल के घर बप्पा का आगमन
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के राजभवन ने स्थित निवास ‘जलभूषण’ में भगवान श्रीगणेश की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की। राज्यपाल ने गणेश पूजा करके राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गणेश आरती की।