उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के सीएम-डिप्टी सीएम पहुंचे राम नगरी अयोध्या, एक साथ किये रामलला के दर्शन-पूजन

अयोध्या: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंच गए हैं। उनके साथ महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस भी अयोध्या आए हैं। लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना होते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘भगवान राम का आशीर्वाद हमारे साथ है और इसलिए हमें ‘धनुष और तीर’ का प्रतीक मिला है।’
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि आज रामलला के दर्शन के लिए मैं अयोध्या जा रहा हूं। मैं राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ा रहा हूं। सभी कारसेवाओं में मैं उपस्थित रहा हूं। बहुत दिनों से मन में दर्शन की इच्छा थी। इसलिए प्रभु श्री रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहा हूँ।
मुख्यमंत्री शिंदे के अयोध्या पहुंचने पर राम कथा पार्क पर हजारों शिवसैनिकों ने अपने नेता का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने राम कथा पार्क के पास स्थित राम मंदिर आंदोलन के महानायक परमहंस रामचंद्र दास की समाधि स्थल पर भी माथा टेका। यहां से मुख्यमंत्री शिंदे पैदल ही समर्थकों के साथ आगे बढ़े। बाद में गाड़ियों के काफिले के साथ गेट नंबर 3 से राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश किया। यहां पहुंचने पर सबसे पहले उन्होंने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। शिंदे के स्वागत के लिए महाराष्ट्र भर से हजारों की संख्या में शिवसैनिक अयोध्या पहुंचे हैं। हनुमानगढ़ी पर शिवसैनिकों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। एलईडी टीवी के जरिए शिवसेना की उपलब्धियों को प्रसारित किया जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में शिवसैनिक महाराष्ट्रीयन भाषा में बज रहे गानों पर जमकर थिरक रहे हैं। और जय श्री राम के नारों के साथ अपने नेता शिंदे की जय-जय कार कर रहे हैं।

सीएम-डिप्टी सीएम ने किए रामलला के दर्शन
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस के अयोध्या दौरे को लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाएं थोड़ी फेल हुई। राम जन्मभूमि गेट पर महाराष्ट्र से आए कई विधायक और सांसदों और मंत्रियों को रोक दिया गया। फिलहाल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रामलला के दर्शन-पूजन कर मंदिर से बाहर आ चुके हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हनुमानगढ़ी में एक जाहिर सभा को भी सम्बोधित किया, उनके साथ स्थानिक सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी मौजूद हैं। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे से 2.30 बजे तक वह होटल पंचशील में रहेंगे और 2.30 बजे प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।

अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के भव्य मन्दिर निर्माण के प्रगति कार्य को साक्षात देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस!