उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

शिंदे-फडणवीस के दौरे से पहले हनुमानगढ़ी के पास मकान में धमाके से फैली सनसनी, 2 की मौत; पुलिस की जांच जारी

अयोध्या: अयोध्या कोतवाली के यलो जोन में हनुमानगढ़ी चौराहे के निकट शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात को एक मकान में आग लग गई। इस दौरान एक विस्फोट भी हुआ। इस घटना में पति पत्नी की मौत हो गई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अयोध्या दौरे से पहले संवेदनशील इलाके में रात को हुई इस घटना से चारो तरफ अफरातफरी मच गई। दमकलकर्मियों ने आकर आग तो बुझा ली, लेकिन आग लगने और विस्फोट के कारण की अभी छानबीन चल रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अयोध्या में यलो जोन के इस मकान में रमेश अपनी पत्नी ऊषा के साथ रहता था। बताया जाता है कि मृतक गृहस्वामी रमेश पतंग बनाने का काम करता था और दीपावली में पटाखे बेचता था। विस्फोट के पीछे यही आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी इस पर खुलकर कुछ नहीं बोल रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और घटना की छानबीन भी जारी है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे अयोध्या में तकरीबन 9 घंटे बिताएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शिंदे रविवार को साढ़े दस बजे श्रीराम कथा पार्क पर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वह सवा ग्यारह बजे होटल पंचशील पहुंचेंगे।
होटल में कुछ देर रुकने के बाद वह दोपहर 12 बजे श्री राम मंदिर के लिए रवाना होंगे और 12.30 बजे मंदिर निर्माण का कार्य देखेंगे। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे से 2.30 बजे तक वह होटल पंचशील में रहेंगे और ढाई बजे प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। दोपहर में 3.30 बजे लक्ष्मण किला जाने के बाद वहां पर वह 4.30 बजे तक संत और महंतों से भेंट करेंगे। यहां से वह साढ़े चार बजे वापस होटल के लिए रवाना होंगे। इसके बाद शाम 5.45 बजे से शाम छह बजे वह सरयू तट पर महाआरती में शामिल होंगे। अयोध्या से रविवार की शाम को ही सीएम एकनाथ शिंदे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। वह शाम तो 7.05 बजे अयोध्या से कार में बैठकर लखनऊ के लिए रवाना होंगे। लखनऊ आकर वह सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे।

मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई 
महाराष्ट्र सीएम के इस कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। अयोध्या में शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी नितीश कुमार के अनुसार, एसओसी राजेश कुमार पाण्डेय हेलीपैड पर ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। प्रज्ञा सिंह और नायब तहसील रुदौली अनूप श्रीवास्तव क्रू मेंबर व्यवस्था को देखेंगे। वहीं फ्लीट के साथ डिप्टी कलेक्टर अंशुमान सिंह की तैनाती रहेगी। जबकि होटल पंचशील में डिप्टी कलेक्टर अनुराग प्रसाद तमाम व्यवस्थाओं को देखेंगे।
वहीं रामजन्मभूमि परिसर में डिप्टी कलेक्टर भान सिंह तैनात रहेंगे। जबकि डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र प्रताप सिंह की ड्यूटी हनुमानगढ़ी में लगाई गई है। इसी के साथ सरयू आरती स्थल पर डिप्टी कलेक्टर भान सिंह मौजूद रहेंगे। जबकि लक्ष्मण किला पर सहायक अभिलेख अधिकारी राम कुमार शुक्ला ड्यूटी देंगे। सभी ड्यूटी समाप्त होने तक अपने-अपने निर्धारित स्थान पर तैनात रहेंगे।