जळगावब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: जलगांव के क्वारंटीन सेंटर में मरीज ने किया सुसाइड!

मुंबई: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एक क्वारंटीन सेंटर में 33 वर्षीय कोरोना संदिग्ध की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक जलगांव के पाचोरा इलाके का रहने वाला था और उसे 2 दिन पहले ही इस क्वारंटीन सेंटर में दाखिल किया गया था। फिलहाल इस व्यक्ति की कोरोना की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। बीती रात मृतक विनोद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली! फिलहाल इस मामले की जांच पाचोरा पुलिस कर रही है।

आज सुबह इस घटना की जानकारी, क्वारंटीन सेंटर में रहने वाले दूसरे मरीजों ने सेंटर के प्रशासन को दी और फिर वहां से स्थानीय पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई। फिलहाल किस वजह से विनोद ने आत्महत्या की है, इसके कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है। पुलिस सेंटर के कुछ मरीजों को भी संदिग्ध मान रही है और आने वाले समय में उनसे भी पूछताछ हो सकती है। विनोद को 19 तारीख को यहां क्वारंटीन सेंटर में भर्ती करवाया गया था और 20 तारीख को उसका स्वाब लिया गया था लेकिन अभी तक रिपोर्ट का इंतजार है। इस घटना के बाद से सेंटर में हड़कंप मचा हुआ है और मरीज यहां पर रहने को तैयार नहीं है।

सूत्रों की मानें तो पूरे महाराष्ट्र में क्वारंटीन सेन्टर में होने वाली परेशानियों से वहां भर्ती होने वाले मरीज परेशान हैं। कई बार उन्होंने इस बात को सोशल मीडिया पर शेयर भी किया है। बावजूद इसके अभी तक कोई भी कार्रवाई ऐसे क्वारंटीन सेंटर पर होती हुई नज़र नहीं आई है। सेंटर में आत्महत्या का भी यह कोई पहला मामला नहीं है इसके पहले भी कई लोगों ने क्वारंटीन सेंटर में आत्महत्या कर अपनी जान दे दी है। या फिर उन्होंने सेंटर से भागने की कोशिश की है। ऐसे में क्वारंटीन सेंटर के ऊपर भी सवाल उठते हैं कि आखिर वहां ऐसी कौन सी खामियां हैं। जिसकी वजह से लोगों को अपनी जान देने से भी गुरेज नहीं हो रहा है।

कोरोना संक्रमित महिला से क्वारंटीन सेंटर में दुष्कर्म
दूसरी घटना महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले की है। यहां एक कोरोना पॉजिटिव महिला से क्वारंटीन सेंटर में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। क्वारंटीन सेंटर में 40 साल की महिला से दुष्कर्म की यह घटना पनवेल की है। मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पनवेल जोन-2 के एसीपी रवींद्र गीते ने बताया कि करीब 400 संदिग्ध मरीजों समेत कुछ कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों को पनवेल के क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। इसमें यह महिला भी थी, जिसके साथ दुष्कर्म की यह वारदात हुई है। घटना की सूचना पर हमारी टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।

यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। घटना पनवेल के कोणगांव क्षेत्र में बनाए गए क्‍वारंटाइन सेंटर की है। इस घटना के बाद अब क्‍वारंटाइन सेंटर में भी महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले मुंबई के एक और क्‍वारंटाइन सेंटर में युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आ चुकी है।

अब इस पर सियासत भी शुरू हो गई। मुख्य विपक्षी दल भाजपा के वरिष्ठ नेता राम कदम ने इस घटना की निंदा करते हुए पूछा कि महाराष्ट्र की उद्धव सरकार क्या कर रही है? राज्य सरकार की लापरवाही और कुप्रबंधन के चलते ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ क्वारंटीन सेंटरों में एक समय का ही भोजन मिल रहा है।