Uncategorisedभंडारामहाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र: निजी सुरक्षाकर्मियों को मिली लोकल ट्रेन में यात्रा की अनुमति

मुंबई: महाराष्ट्र में निजी क्षेत्र से जुड़े सुरक्षाकर्मियों को लोकल ट्रेन में यात्रा की अनुमति प्रदान कर दी गई है। इस संदर्भ में महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन, राहत एवं पुनर्वास विभाग ने मध्य और पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधकों को पत्र लिखा था। पत्र में कहा गया था कि उचित पहचान पत्र तथा ड्रेस पहने निजी क्षेत्र के सुरक्षाकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लोकल ट्रेन में यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाये।
‘सिक्युरिटी एसोसिएशन ऑफ़ इण्डिया’ के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह चौहान ने इसके लिए महाराष्ट्र सरकार को पत्र लिखा था। एसोसिएशन ने सरकार का आभार माना है।
बता दें कि कोरोना की वजह से राज्य में लॉकडाउन घोषित किए जाने के बाद मुंबई में लोकल ट्रेनों में आम यात्रियों की यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, लेकिन बाद में लोकल में सरकारी कर्मचारियों तथा अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को राज्य सरकार ने अनुमति प्रदान की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने महिला यात्रियों को भी यात्रा की अनुमति दी। अब निजी सुरक्षाकर्मियों को अनुमति मिलने के बाद संभावना जताई जा रही है कि बहुत जल्द ही (दशहरा) पर आम यात्रियों को भी लोकल में यात्रा की अनुमति दी जा सकती है।