ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र पुलिस में नौकरी का सुनहरा मौका, गृहमंत्री ने किया 12 हजार 500 नई भर्तियों का ऐलान

मुंबई: महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि इसी साल दिसंबर तक महाराष्ट्र पुलिस में 12 हजार 538 नए कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। गतदिनों इसकी घोषणा राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी की थी। पवार के बाद अनिल देशमुख यह घोषणा कर रहे हैं।
इस संबंध में गृहमंत्री देशमुख ने विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सीताराम कुंटे व अन्य अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक के बाद गृहमंत्री देशमुख ने ट्वीट किया, मंत्रालय में गृह विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में राज्य पुलिस बल के 12,538 रिक्त पदों को तत्काल भरने का निर्देश दिया। यह प्रक्रिया इसी साल दिसंबर अंत तक पूरी हो जाएगी।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लगा है। सोशल डिस्टेसिंग के तहत दो गज के फासले का पालन कराया जा रहा है।

महाराष्ट्र में कोरोना तीन लाख के पार
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 के 8,348 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई। विभाग ने एक बयान में बताया कि संक्रमण से 144 और मरीजों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 11,596 पहुंच गई है। बयान के अनुसार राज्य में अब मामलों की कुल संख्या 3,00,937 हो गई है। राज्य में आज कुल 5,306 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई जिससे ठीक हुए लोगों की संख्या अब 1,65,663 हो गई है। बयान में कहा गया है कि महाराष्ट्र में अभी 1,26,926 मरीजों का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र पुलिस के कुल 82 पुलिसकर्मी कोरोना से जंग हारे
गौरतलब है कि इस वर्ष मार्च में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने के बाद से अब तक महाराष्ट्र पुलिस के कुल 82 पुलिसकर्मी कोविड-19 महामारी से अपनी जान गवां चुके हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 6,400 पुलिसकर्मी संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं जिनमें से 5,100 पुलिसकर्मी उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, वहीं 150 अधिकारियों सहित 1,213 पुलिसकर्मियों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

राज्य में मुंबई पुलिस के सर्वाधिक तीन अधिकारियों सहित 48 पुलिसकर्मियों की कोविड-19 से मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मार्च में लॉकडाउन लागू होने के बाद से पुलिसकर्मियों पर हमले की 313 घटनाएं और स्वास्थ्यकर्मियों पर हमले की 54 घटनाएं हुई हैं।