बुलढाणाब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

महाराष्ट्र: बुलढाणा में दो निजी बसों की जोरदार टक्कर, छह लोगों की मौत; 21 घायल

बुलढाणा: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक भीषण बस हादसे की खबर सामने आई है। यहां जिले के मलकापुर शहर के पास नेशनल हाईवे-6 पर शनिवार तड़के सुबह यात्रियों से भरी दो लग्जरी ट्रैवल बसों की आमने-सामने से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में अब तक 6 यात्रियों की मौत की खबर है। वहीं 20 से 25 यात्री घायल हैं जिसमें 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना सुबह 3 बजे मलकापुर शहर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई है। इसमें से एक बस बालाजी तीर्थ यात्रा कंपनी की थी और अमरनाथ यात्रा से लौट रहे यात्रियों से भरी हुई थी और हिंगोली की ओर जा रही थी, वहीं दूसरी बस प्राइमो रॉयल ट्रैवल्स की थी जो नागपुर से नासिक जा रही थी। जिस वक्त ये भीषण हादसा हुआ उस समय बस में अधिकतर यात्री नींद में थे।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के मलकापुर शहर में एनएच 6 पर एक रेलवे पुल पर शनिवार सुबह के समय हुई। पुलिस के अनुसार, एक बस अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों को हिंगोली ले जा रही थी, जबकि दूसरी बस नागपुर से नासिक जा रही थी।
उन्होंने बताया कि घायल हुए 21 लोगों को इलाज के लिए बुलढाणा के जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले, महाराष्ट्र में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर यवतमाल से पुणे जा रही एक बस में आग लगने से 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए थे।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
मलकापुर पुलिस थाने के थानेदार अशोक त्रिपाठी ने बताया कि एक बस अमरनाथ तीर्थ यात्रा कर हिंगोली जा रही थी तो दूसरी बस नागपुर से नासिक जा रही थी। ये हादसा तड़के 3:00 बजे हुआ है। जैसे ही दोनों बसें आपस में टकराईं तो अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी यात्रियों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। अब तक 6 लोगों के मौत की पुष्टी हुई है। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। 4 से 5 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद कुछ देर के लिए नेशनल हाइवे-6 पर यातायात प्रभावित हुआ था, जिसे पुलिस ने सुचारू रूप से शुरू कर दिया है। फिलहाल, इस घटना में मौत की संख्या बढ़ने की आशंका बताई जा रही है।

पीएम मोदी ने बस दुर्घटना में मरने वालों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की थी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।