ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

महाराष्ट्र में नहीं थम रही कोरोना की रफ्तार, 1 दिन में आए 5024 मामले!

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना के मामले अब डेढ़ लाख के पार पहुंच गए हैं। हर दिन कोरोना के आंकड़े नए रेकॉर्ड बना रहे हैं। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 5024 कोरोना मरीज सामने आए हैं। यह अब तक एक दिन में आने वाले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। राज्य में पिछले 24 घंटे में ही कोरोना के कुल 175 मरीजों की मौत भी हो गई है। एक दिन में सबसे ज़्यादा मामले 5024 मामले आने के साथ ही महाराष्ट्र में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या अब 1,52,765 हो गई है। साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 7106 तक पहुंच गई है। राज्य में अभी तक कोरोना के कुल 79815 लोग ठीक भी हुए हैं, जिनमें से ज्यादातर को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी कोरोना की रफ्तार बरकरार है। पिछले 24 घंटों में सिर्फ मुंबई में ही कोरोना के कुल 1297 मामले सामने आए हैं। शहर में एक दिन में 73 मरीजों की मौत भी हुई है। अभी तक मुंबई में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 72,175 पहुंच चुकी है। इसमें से 4179 कोरोना मरीज अपनी जान भी गंवा चुके हैं।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब राज्य में कोरोना के कुल 65,829 ऐक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में सामने आई 175 मौतों में से 91 पिछले 48 घंटे में हुई हैं। बाकी की 82 मौतें पिछले दिन की हैं, जिन्हें शुक्रवार के आंकड़ों में दर्ज किया गया है। अभी तक महाराष्ट्र में कुल 8,71,875 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है।